Donald Trump on
ट्रंप ने क्या-क्या कहा
ट्रंप ने कहा- भारत और पाकिस्तान के नेताओं ने यह जानने और समझने में बुद्धिमानी और धैर्य दिखाया कि मौजूदा आक्रमण को रोकने का समय आ गया है, जो इतने सारे लोगों की मौत और विनाश का कारण बन सकता था। लाखों अच्छे और निर्दोष लोग मारे जा सकते थे! आपकी विरासत आपके बहादुरी भरे कामों से बहुत बढ़ गई है।
ट्रंप ने कहा, मुझे गर्व है कि अमेरिका आपको इस ऐतिहासिक फैसले पर पहुंचने में मदद करने में सक्षम था। मैं इन दोनों महान देशों के साथ व्यापार को काफी हद तक बढ़ाने जा रहा हूं। इसके अलावा, मैं आप दोनों के साथ मिलकर यह काम करूंगा कि क्या कश्मीर के संबंध में कोई समाधान निकाला जा सकता है। भगवान भारत और पाकिस्तान के नेतृत्व को अच्छी तरह से किए गए काम के लिए आशीर्वाद दें।
भारत-पाक सीजफायर
बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच चार दिनों तक चले संघर्ष के बाद आखिरकार शनिवार को सीजफायर लागू हो गया। लेकिन पाकिस्तान ने अपना पुराना रंग दिखाते हुए कुछ ही घंटों में इसका उल्लंघन कर दिया। शनिवार रात को जम्मू सहित कई इलाकों में पाकिस्तान के ड्रोन नजर आए जिसके बाद यहां फिर से ब्लैकआउट करना पड़ा। भारत ने इसका करारा जवाब भी दिया। इसे लेकर विदेश सचिव ने रात को प्रेस कांफ्रेंस करते हुए पाकिस्तान को स्थिति की गंभीरता को समझने की नसीहत भी दी।
भारत और पाकिस्तान के बीच सीजफायर
भारत और पाकिस्तान ने चार दिनों तक सीमा पार ड्रोन और मिसाइल हमलों के बाद शनिवार को जमीन, हवा और समुद्र में किसी भी तरह के संघर्ष को तुरंत खत्म करने पर सहमति जताई। हैरत की बात रही कि संघर्ष विराम की घोषणा सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर की, उसके बाद विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इसकी औपचारिक घोषणा की। ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, अमेरिका की मध्यस्थता में एक लंबी रात की बातचीत के बाद मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि भारत और पाकिस्तान पूर्ण और तत्काल युद्ध विराम पर सहमत हो गए हैं।
