दुनिया

चीन के लिए अवैध एजेंट के रूप में काम करने वाले अमेरिकी पत्रकार को 2 साल की जेल

न्याय विभाग ने मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पॉकन को जेल की सजा के अलावा रिहाई के बाद 36 महीने तक निगरानी में रखने का भी आदेश सुनाया गया है। इस दौरान उसे विदेश यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी।

Image

चीन के लिए जासूसी करने पर मिली सजा। तस्वीर-AI

अमेरिका में रहकर चीन की सरकार के लिए जानकारी जुटाने वाले एक अमेरिकी पत्रकार को विदेशी एजेंट के रूप में अवैध रूप से काम करने के मामले में दो साल की जेल की सजा सुनायी गयी है। अमेरिका न्याय विभाग ने यह जानकारी दी। थॉमस डब्ल्यू पॉकन-II (51) ने इस साल की शुरुआत में अपना अपराध स्वीकार कर लिया था। बचाव पक्ष के वकील चार्ल्स बर्नहैम के अनुसार, पॉकन की इस फैसले के खिलाफ अपील करने की योजना नहीं है।

विदेश यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी

न्याय विभाग ने मंगलवार को जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि पॉकन को जेल की सजा के अलावा रिहाई के बाद 36 महीने तक निगरानी में रखने का भी आदेश सुनाया गया है। इस दौरान उसे विदेश यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी। उसे फरवरी में गिरफ्तार किया गया था। यह मामला ऐसे समय में सामने आया है जब वॉशिंगटन और बीजिंग के बीच तनाव लगातार बना हुआ है। यह उन कई संघीय मुकदमों की कड़ी में नया मामला है, जिनमें ऐसे लोगों पर चीन की सरकार के लिए काम करने का आरोप लगाया गया है, जिन्होंने अपने संबंधों और गतिविधियों का उचित रूप से खुलासा नहीं किया था।

'पैसों के लिए अपने देश के साथ विश्वासघात किया’

राष्ट्रीय सुरक्षा मामलों के लिए सहायक अटॉर्नी जनरल जॉन ए. आइजनबर्ग ने न्याय विभाग की विज्ञप्ति में कहा कि पॉकन ने 'पैसों के लिए अपने देश के साथ विश्वासघात किया।’ उन्होंने कहा कि पॉकन ने 'चीनी मिनिस्ट्री ऑफ स्टेट सिक्योरिटी के अभियानों में मदद करने, लोगों की भर्ती करने और संभावित सूत्रों से संवेदनशील जानकारी जुटाने’ का काम किया।

पॉकन ने आरोप स्वीकार किए

पॉकन वर्ष 2010 में चीन चला गया था। वहां उसने विभिन्न चीनी समाचार संगठनों के लिए पत्रकार के रूप में काम किया, जिनमें सरकारी प्रसारक सीसीटीवी भी शामिल था। हाल में वह चीन की सरकारी समाचार एजेंसी शिन्हुआ में संपादक के रूप में काम कर रहा था। उसने 2024 से यह पद संभाल रखा था। उसके वकील ने कहा, 'पॉकन ने आरोप स्वीकार कर लिए हैं और वह अदालत द्वारा सुनाई गई सजा का सम्मान करता है।’

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article