US Iran Ceasefire: ईरान-अमेरिका सीजफायर पर इस्लामाबाद में शनिवार को होने वाली बातचीत में यूएस उप राष्ट्रपति शामिल होंगे। व्हाइट हाउस ने इसकी पुष्टि कर दी है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता कैरोलिन लेविट ने कहा कि उप राष्ट्रपति वेंस बातचीत में अमेरिकी शिष्टमंडल का नेतृत्व करेंगे। इससे पहले वेंस के वार्ता में शामिल होने को लेकर संदेह था क्योंकि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि सुरक्षा कारणों के चलते शायद वेंस इस्लामाबाद न जाएं। बता दें कि ईरान और अमेरिका दो सप्ताह तक एक दूसरे पर हमले न करने पर सहमत हुए हैं। इस सीजफायर के ब्योरों पर इस्लामाबाद में विस्तार से चर्चा होनी है।
बातचीत में तेहरान हिस्सा लेगा-शहबाज
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियन ने इस बात की पुष्टि की है कि इस्लामाबाद में अमेरिका के साथ पाकिस्तान की मदद से होने वाली शांति बातचीत में तेहरान हिस्सा लेगा। यह बात प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने बुधवार को कही। शहबाज ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रपति पेजेशकियन के साथ टेलीफोन पर 'अच्छी और गर्मजोशी भरी’ बातचीत की। यह बातचीत अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्ते के सशर्त युद्धविराम पर सहमत होने के कुछ घंटों बाद हुई, जिसमें जहाज परिवहन के लिए होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलना भी शामिल है। उन्होंने कहा, 'मैंने इस इलाके में शांति वापस लाने के लिए मिलकर काम करने के वास्ते इस हफ़्ते के आखिर में इस्लामाबाद में शांति वार्ता की मेजबानी करने के पाकिस्तान के प्रस्ताव को स्वीकार करने के लिए ईरानी नेतृत्व की समझदारी की गहन प्रशंसा की।’
ईरान के हिस्सा लेने की फिर से पुष्टि की
शहबाज़ ने कहा, 'राष्ट्रपति पेजेशकियन ने होने वाली बातचीत में ईरान के हिस्सा लेने की फिर से पुष्टि की और पाकिस्तान की कोशिशों की तारीफ की, साथ ही पाकिस्तान के लोगों के लिए अपनी शुभकामनाएं भी दीं।’ यह तुरंत साफ नहीं हुआ कि इस्लामाबाद में होने वाली बातचीत में ईरान का प्रतिनिधित्व कौन करेगा। प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, उनकी बातचीत 45 मिनट से ज़्यादा चली। शहबाज़ ने ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई को भी अपनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, 'पाकिस्तान इस इलाके और उससे आगे शांति और स्थिरता को आगे बढ़ाने के लिए अपने सभी दोस्तों और साझेदारों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है।’दोनों नेता करीबी संपर्क में रहने पर सहमत हुए।
ईरान का 10 सूत्री प्रस्ताव
ट्रंप ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया कि अमेरिका को ईरान से 10 सूत्रीय प्रस्ताव प्राप्त हुआ है, जिसे वह बातचीत के लिए एक व्यवहारिक आधार मानते हैं। उन्होंने कहा, ''दो सप्ताह के सीजफायर का उपयोग एक बड़े समझौते पर बातचीत के लिए किया जाएगा, जिससे युद्ध को समाप्त किया जा सके।''
