US Flight Collision Aborted: शिकागो मिडवे इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है जिसमें साउथवेस्ट एयरलाइंस का एक विमान मंगलवार को रनवे पर एक निजी जेट से टकराने से बाल-बाल बच गया। साउथवेस्ट एयरलाइंस का विमान लैंडिंग करने ही जा रहा था कि अचानक सामने रनवे पर एक प्राइवेट जेट उतर गया, इसे देख पायलट ने तुरंत विमान को ऊपर उठा दिया जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। पायलट ने ऐन समय पर सूझ-बूझ दिखाते हुए बड़ा हादसा टाल दिया।
बिना अनुमति रनवे पर घुसा बिजनेस जेट
एयरलाइन ने पुष्टि की कि साउथवेस्ट फ्लाइट 2504 रनवे पर अन्य विमानों से बचकर सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट पर उतरी। संघीय उड्डयन प्रशासन (FAA)के अनुसार, बिजनेस जेट बिना अनुमति के रनवे पर घुस गया था। ओमाहा से आ रहा साउथवेस्ट एयरलाइंस का बोइंग 737-800 रनवे 31सी पर उतर रहा था, तभी फ्लाइट क्रू ने चैलेंजर 350 निजी जेट को उसी रनवे से गुजरते देखा। अधिकारियों ने कहा कि चालक दल ने तेजी से काम करते हुए चक्कर लगाया, जिससे संभावित टक्कर टल गई।
पायलटों की सक्रियता से टला हादसा
पायलटों की तेज प्रतिक्रिया देते हुए एक भयावह घटना को होने से बचा दिया। एफएए ने घटना की जांच शुरू कर दी है। इसी तरह की एक घटना में लॉस एंजिल्स में रनवे पर टक्कर टल गई, जब वाशिंगटन की गोंजागा यूनिवर्सिटी की पुरुष बास्केटबॉल टीम को ले जा रहा जेट विमान उड़ान भर रहे दूसरे विमान के रास्ते को पार करने के लिए खतरनाक रूप से करीब आ गया था। एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के तुरंत हरकत में आने के बाद टक्कर टल गई।
यह घटना प्लेन-स्पॉटिंग लाइवस्ट्रीम पर कैद हो गई, जिसमें एयर ट्रैफिक कंट्रोलर को टीम की की लाइम एयर फ़्लाइट को तुरंत "रुको, रुको, रुको" का निर्देश देते हुए भी दिखाया गया। जनवरी 2023 और सितंबर 2024 के बीच नागरिक परिवहन दुर्घटना जांच के लिए नियुक्त अमेरिकी सरकार की जांच एजेंसी ने वाणिज्यिक या किराए की उड़ानों से जुड़े 13 रनवे घुसपैठों की जांच की है।
