US Election News: डोनाल्ड ट्रंप ने जो बाइडन को पछाड़ दिया है। सर्वे में ये दावा किया गया है कि अमेरिका में राष्ट्रपति के लिए होने वाले 2024 के चुनाव में राष्ट्रपति बाइडन को ट्रंप ने पीछे छोड़ दिया है। अमेरिकी राष्ट्रपति द्वारा कैलिफोर्निया में एक कार्यक्रम में ट्रंप को 'नीच' करार दिए जाने के एक दिन बाद यह सर्वे सामने आया। ऐसे में ये रिपोर्ट कहीं न कहीं बाइडन की चिंता बढ़ा सकती है।
बतौर राष्ट्रपति लोगों को बाइडन से अधिक ट्रंप पसंद
वॉल स्ट्रीट जर्नल सर्वे में बाइडन को उनके राष्ट्रपति पद के लिए सबसे कम रेटिंग के साथ दिखाया गया है। यह निष्कर्ष मोटे तौर पर अन्य हालिया अध्ययनों के अनुरूप है, जिसने मतदाताओं के चुनाव में जाने से एक साल से भी कम समय पहले डेमोक्रेटिक हलकों में चिंता पैदा कर दी है। डब्ल्यूएसजे ने कहा कि यह दिखाता है कि ट्रंप बाइडन से चार अंकों से आगे चल रहे हैं- 47 प्रतिशत के मुकाबले 43 प्रतिशत। इस सर्वे से पता चला है कि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति आमने-सामने मुकाबले में पसंदीदा बने हुए हैं।
डेमोक्रेटिक पार्टी में बाइडन की उम्र को लेकर 'आपत्ति'
बाइडन ने दूसरे कार्यकाल के लिए लड़ने की इच्छा जताई है, लेकिन डेमोक्रेटिक पार्टी में कई लोग उनकी बढ़ती उम्र के डर से उन्हें पद से हटते देखना चाहते हैं। वो 81 साल के हो गए हैं। द गार्जियन की रिपोर्ट के अनुसार, गुरुवार को कैलिफोर्निया में राष्ट्रपति के बेटे हंटर बाइडन पर नौ आपराधिक कर आरोपों में अभियोग लगाए जाने से उनके पुन: चुनाव की राह में नई बाधाएं पैदा हो गई हैं।
(भाषा)
