US-Designated Global Terrorist Dies: पाकिस्तान के लाहौर में रविवार को लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकवादी मुहम्मद सरवर उर्फ अबू हाशिम की मौत हो गई। अबू हाशिम को अमेरिकी वित्त विभाग ने 2016 में वैश्विक आतंकवादी घोषित किया था।
लश्कर-ए-तैयबा आतंकी मुहम्मद सरवर की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अबू हाशिम मस्जिद में नमाज अदा करने जा रहा था, तभी वह गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। हालांकि, मौत की सटीक वजह अभी सामने नहीं आई है। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, अबू हाशिम की सीढ़ियों से गिरने की वजह से सिर में चोट लग गई और उसकी मौत हो गई।
अबू हाशिम पाकिस्तान मरकजी मुस्लिम लीग (PMML) की पंजाब इकाई का अध्यक्ष था। इस संगठन को मुंबई आतंकी हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के जमात-उद-दावा का राजनीतिक संगठन माना जाता है। पीएमएमएल, मुंबई हमले के मास्टरमाइंड हाफिज सईद के जमात-उद-दावा की एक शाखा है।
2016 में US ने घोषित किया था वैश्विक आतंकवादी
अमेरिकी वित्त विभाग के विदेशी संपत्ति नियंत्रण कार्यालय (OFAC) ने वर्ष 2016 में मुहम्मद सरवर और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के एक अन्य वरिष्ठ नेता शाहिद महमूद को विशेष रूप से नामित वैश्विक आतंकवादी (SDGT) घोषित किया था। ओएफएसी के मुताबिक, सरवर एक दशक से अधिक समय तक लाहौर में लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ा रहा और विभिन्न नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभाई थी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'फ्लाइट में बम...', अहमदाबाद-हैदराबाद विमान में 12 वर्षीय लड़की के प्रैंक से मचा हड़कंप, सिक्योरिटी अलर्ट जारी
अमेरिकी एजेंसी ने बताया था कि 2008 में सरवर ने कारोबारियों के प्रतिनिधिमंडलों को लश्कर की सुविधाओं का दौरा कराया था, ताकि संगठन के लिए चंदा जुटाया जा सके। वर्ष 2009 के मध्य तक वह लाहौर में संगठन की वित्तीय शाखा का नेतृत्व करने वाले दो अधिकारियों में शामिल था।
