विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के साथ अमेरिका का सख्त रुख वाला रवैया जारी है। फंड रोकने के बाद अब WHO के खिलाफ अमेरिका ने बड़ा आदेश दे दिया है। अमेरिका के जन स्वास्थ्य अधिकारियों को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के साथ तत्काल प्रभाव से काम करना बंद करने को कहा गया है।
अधिकारियों को भेजा गया आदेश
अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के अधिकारी जॉन केंगसॉन्ग ने रविवार रात एजेंसी के वरिष्ठ नेताओं को एक ज्ञापन भेजा, जिसमें कहा गया है कि डब्ल्यूएचओ के साथ काम करने वाले एजेंसी के सभी कर्मचारी उसके साथ सहयोग तुरंत बंद कर दें और ‘‘आगे के निर्देश की प्रतीक्षा करें।’’
कई देशों में अभियान को होगी मुश्किल
किस-किस पर लागू होगा आदेश
‘एसोसिएटेड प्रेस’ ने केंगसॉन्ग द्वारा भेजे ज्ञापन की प्रति देखी, जिसमें कहा गया है कि काम रोकने की नीति ‘‘तकनीकी कार्य समूहों, समन्वय केंद्रों, सलाहकार बोर्ड, सहकारी समझौतों या अन्य माध्यमों से डब्ल्यूएचओ के साथ जुड़े सभी सीडीसी कर्मचारियों पर लागू होती है।’’ इसमें यह भी कहा गया है कि सीडीसी कर्मचारियों को डब्ल्यूएचओ के कार्यालयों में जाने की अनुमति नहीं है।
ट्रंप पहले ही दे चुके हैं अलग होने के आदेश
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देश को डब्ल्यूएचओ से अलग करने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए पिछले सप्ताह एक कार्यकारी आदेश जारी किया था, लेकिन यह तत्काल प्रभाव से लागू नहीं हुआ। डब्ल्यूएचओ से बाहर निकलने के लिए संसद की मंजूरी की आवश्यकता होगी और अमेरिका को चालू वित्त वर्ष के लिए अपने वित्तीय दायित्वों को पूरा करना होगा। इसके अलावा अमेरिका को एक साल पहले नोटिस भी देना होगा।
