Israel Hamas War: इजराइल और हमास के बीच करीब दो महीने से गाजा में जारी युद्ध को रोकने की कोशिशों को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। गाजा में तत्काल सीजफायर को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में एक प्रस्ताव लाया गया था, लेकिन अमेरिका के वीटो करने के कारण यह प्रस्ताव खारिज हो गया। अमेरिका ने कहा है कि यह प्रस्ताव वास्तविकता से परे है और यह सिर्फ अगले युद्ध के लिए बीच बोएगा।
यह प्रस्ताव संयुक्त अरब अमीरात द्वारा लाया गया था और 90 से अधिक सदस्य देशों ने इसका समर्थन किया था। सुरक्षा परिषद के 13 सदस्यों ने प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया, जबकि ब्रिटेन मतदान से दूर रहा। हालांकि, अमेरिका ने वीटो करके इसे रोक दिया। संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी डिप्टी रिप्रजेंटेटिव रॉबर्ट वुड ने जोर देकर कहा कि दुर्भाग्यवश प्रस्ताव में हमारी लगभग सभी सिफारिशों को नजरअंदाज किया गया और इसे जल्दबाजी में लाया गया है, जो ग्राउंड पर कोई सुधार नहीं करेगा। इसलिए अफसोस है कि हम इसका समर्थन नहीं कर सकते।
हमास बंधकों को नहीं छोड़ेगा
रॉबर्ट वुड ने कहा, हमास इजराइल के लिए खतरा बना हुआ है। आज अगर इजराइल एकतरफा अपने हथियार डाल देता है, जैसा कि कुछ सदस्य देशों ने आह्वान किया है तो हमास बंधकों को नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा, कोई भी सरकार अपनी सीमाओं पर खतरने को अनुमति नहीं देगी। अमेरिका दृढ़ता से टिकाऊ शांति का समर्थन करता है, जिससे इजराइली और फिलिस्तीनी लोग शांति और सुरक्षा के साथ रह सकें।
यौन हिंसा की रिपोर्ट स्तब्ध करने वाली
इस बीच, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने एक बार फिर इजराइल पर हमास के हमले की निंदा की। उन्होंने कहा कि वह यौन हिंसा की रिपोर्टों से स्तब्ध हैं।33 बच्चों सहित लगभग 1200 लोगों को जानबूझकर मारने, हजारों लोगों को घायल करने और सैकड़ों बंधकों को लेने का कोई संभावित औचित्य नहीं है। साथ ही, हमास द्वारा की गई क्रूरता कभी भी सामूहिक सजा को उचित नहीं ठहरा सकती है। उन्होंने कहा, हमास द्वारा इज़राइल में अंधाधुंध रॉकेट फायर, और नागरिकों को मानव ढाल के रूप में इस्तेमाल करना, युद्ध के कानूनों का उल्लंघन है।
