Zelenskyy Trump Meeting: व्हाइट हाउस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अपने यूक्रेनी समकक्ष वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ बैठक अच्छी नहीं रही। ओवल ऑफिस में यूक्रेन युद्ध समाप्त कराने को लेकर दोनों नेताओं में तीखी बहस हुई और नौबत 'तू-तू, मै-मै' तक आ गई। यह कड़वाहट इतनी बढ़ गई कि जेलेंस्की बिना लंच किए बगैर वहां से रवाना हो गए जबकि व्हाइट हाउस ने यूक्रेनी शिष्टमंडल को वहां से जाने के लिए कहा। अमेरिका से यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी मांगने पर वेंस ने जेलेंस्की के बर्ताव को अपमानजनक करार दिया। बहस के दौरान ट्रंप ने तीखे तेवर में यूक्रेन से खनिज सौदे के लिए दबाव बनाया और कहा कि या तो आप डील करिए वरना हम (शांति प्रक्रिया) से बाहर हो जाएंगे।
ओवल ऑफिस में ट्रंप और जेलेंस्की।
सलाद की प्लेट, अन्य चीजें पैक करते दिखाई दिए कर्मचारी
ट्रंप, जेलेंस्की और प्रतिनिधिमंडल को दोपहर का भोजना करना था जिसकी व्यवस्था कैबिनेट कक्ष के बाहर की गई थी लेकिन बाद में वहां सलाद की प्लेट और अन्य चीजों को कर्मचारी पैक करते दिखाई दिए। ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और जेलेंस्की के बीच लगभग 45 मिनट बातचीत हुई जिसमें अंतिम 10 मिनट तीनों के बीच काफी तीखी बहस हुई। जेलेंस्की ने अपना पक्ष रखते हुए कूटनीति के प्रति रूस की प्रतिबद्धता पर संदेह व्यक्त किया और इसके लिए मॉस्को की ओर से तोड़ी गई प्रतिबद्धताओं का हवाला दिया।
'आप लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे'
इसकी शुरुआत वेंस द्वारा जेलेंस्की से यह कहे जाने के साथ हुई, ‘राष्ट्रपति जी सम्मानपूर्वक। मुझे लगता है कि आपका ओवल ऑफ़िस में आकर अमेरिकी मीडिया के सामने इस मामले पर मुकदमा करने की कोशिश करना अपमानजनक है।’जेलेंस्की ने आपत्ति जताने की कोशिश की, जिस पर ट्रंप ने तेज आवाज में कहा, ‘आप लाखों लोगों के जीवन के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।’ ट्रंप ने कहा, ‘आप तीसरे विश्वयुद्ध को न्योता दे रहे हैं और आप जो कर रहे हैं वह देश के प्रति बहुत अपमानजनक है, यह वह देश है जिसने आपका बहुत अधिक समर्थन किया है।’
ट्रंप ने कहा-आप रियायत मांगने की स्थिति में नहीं हैं
आम तौर पर गंभीर चर्चाओं के लिए मशहूर ओवल ऑफिस में तनातनी और खुलेआम तेज आवाज में बातचीत करने का दृश्य हैरानी में डालने वाला रहा। इससे पहले बैठक में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका यूक्रेन को सैन्य सहायता देना जारी रखेगा, लेकिन बहुत ज़्यादा सहायता नहीं मिलेगी। ट्रंप ने कहा, ‘हम बहुत ज़्यादा हथियार भेजने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। हम युद्ध समाप्त होने का इंतज़ार कर रहे हैं ताकि हम दूसरे काम कर सकें।’ उन्होंने कहा कि जेलेंस्की रियायतें मांगने की स्थिति में नहीं हैं। ट्रंप ने जेलेंस्की की ओर उंगली उठाते हुए कहा, ‘आप अच्छी स्थिति में नहीं हैं...।’ उन्होंने ज़ेलेंस्की पर अमेरिका के प्रति "अनादरपूर्ण" होने का भी आरोप लगाया। ट्रंप ने कहा, ‘इस तरह से काम करना बहुत मुश्किल काम होगा।’ वेंस ने ज़ेलेंस्की को बीच में टोकते हुए कहा, ‘बस शुक्रिया कहिए।’
‘आप जरा भी आभारी नहीं दिख रहे हैं’
इस बीच, ट्रंप ने कहा कि जो ड्रामा जारी है उससे उन्हें कोई परेशानी नहीं है। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि अमेरिकी लोगों के लिए यह देखना अच्छा है कि क्या हो रहा है।’ट्रंप ने कहा, ‘आप जरा भी आभारी नहीं दिख रहे हैं।’उन्होंने कहा कि यह टेलीवीजन के लिए बढ़िया शो होने वाला है। यह बहस तब हुई जब ट्रंप और जेलेंस्की के बीच बैठक में यूक्रेन के राष्ट्रपति ने सुरक्षा की गारंटी मांगी।
