Israel-Iran War: ब्रिटेन ने कतर भेजे 4 और फाइटर जेट, दोहा पर ईरान ने दागीं मिसाइलें इजरायल-ईरान के बीच भीषण सैन्य संघर्ष जारी है। मिडिल ईस्ट के कई देशों पर हमले हो रहे हैं। इसी बीच ब्रिटेन ने कतर की सुरक्षा मजबूत करने के लिए चार और टाइफून फाइटर जेट भेजने का फैसला किया है। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर (Keir Starmer) ने कहा कि यह कदम मध्य पूर्व के सहयोगी देशों की सुरक्षा संबंधी मांगों के जवाब में उठाया गया है।
अपने सहयोगियों की सुरक्षा कर रहा ब्रिटेन: प्रधानमंत्री स्टार्मर
ब्रिटेन की ओर से भेजे जा रहे ये यूरोफाइटर टाइफून (Eurofighter Typhoon) जेट ईरान की ओर से संभावित मिसाइल और ड्रोन हमलों से रक्षा करने में मदद करेंगे। प्रधानमंत्री स्टार्मर ने कहा कि क्षेत्र में बढ़ते खतरे को देखते हुए ब्रिटेन अपने सहयोगियों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सैन्य सहायता प्रदान कर रहा है।
ईरान ने कतर पर दागीं कई मिसाइलें
कतर का कहना है कि उस पर ईरानी मिसाइलों और ड्रोन से हमला किया गया। कतर के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि देश पर 14 बैलिस्टिक मिसाइलें और चार ड्रोन दागे गए। इसमें कहा गया है कि हवाई सुरक्षा बलों ने सभी ड्रोन और 13 मिसाइलों को रोक दिया, जबकि 14वीं मिसाइल कतर के तट से दूर समुद्र में गिर गई।
