Dubai Floods: संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के शहर दुबई में शुक्रवार (17 नवंबर, 2023) को भारी बारिश के बाद कुछ हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पनप गए। जलमग्न सड़कों पर इस दौरान वाहन डूबे और फंसे नजर आए, जबकि जनजीवन भी बुरी तरह प्रभावित नजर आया।
सोशल मीडिया पर सामने आए बाढ़ से जुड़े वीडियो बेहद हैरान करने वाले हैं, जो वहां की असल और जमीनी हकीकत बयान करने वाले थे। इन क्लिप्स के साथ कुछ लोगों ने दावा किया कि वहां ऐसे हालात महज दो घंटे की बारिश के बाद बने। कुछ जगह तो सड़कें समुंदर जैसी नजर आईं।
इस बीच, पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे समुद्र तटों और फ्लैश फ्लड्स वाले इलाकों से दूर रहें। वे किसी भी सूरत में वहां न जाएं। साथ ही ड्राइविंग के दौरान भी ऐहतियात बरतें। हालांकि, जिन जगहों पर पानी भर गया, वहां पर सफाई का काम कराने के साथ पहले जैसी सामान्य स्थिति करने के प्रयास किए गए।
चूंकि, दुबई शहर को अपने अल्ट्रामॉडर्न आर्किटेक्चर के लिए भी दुनिया में जाना जाता है। ऐसे में वहां पर इस तरह कुदरत का कहर थोड़ा चौंकाने घटनाक्रम वाला है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बारिश और बाढ़ से पनपी विकट परिस्थितियों के चलते कुछ स्कूलों की छुट्टी कर दी गई, जबकि कुछ को ऑनलाइन मोड में अगले आदेश तक के लिए शिफ्ट कर दिया गया है। वहीं, फ्लाइट्स पर भी इस वजह से असर पड़ा है।