दुनिया

खाड़ी में बढ़ा तनाव: UAE के दो तेल टैंकरों पर ईरान ने दागीं क्रूज मिसाइलें; एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत, 8 अन्य घायल

होर्मुज जलडमरूमध्य में UAE के दो तेल टैंकरों पर मिसाइल हमले हुए, जिसमें एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। UAE ने हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराते हुए इसकी कड़ी निंदा की है।

Image

होर्मुज में UAE के दो तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला (सांकेतिक फोटो)

Photo : AP

होर्मुज जलडमरूमध्य में जारी तनाव के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दो तेल टैंकरों पर कथित मिसाइल हमला हुआ है। UAE ने इस हमले के लिए ईरान को जिम्मेदार ठहराया है। यूएई के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, ओमान के समुद्री क्षेत्र से गुजर रहे उसके दो राष्ट्रीय तेल टैंकरों पर दो ईरानी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया। इस हमले में एक भारतीय क्रू मेंबर की मौत हो गई, जबकि आठ अन्य लोग घायल हुए हैं। UAE ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन बताया है।

दो तेल टैंकरों पर मिसाइल हमला

UAE रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बयान जारी कर कहा कि 'मोंबासा (Mombasa)' और 'अल बहिया (Al Bahiyah)' नामक राष्ट्रीय तेल टैंकर होर्मुज जलडमरूमध्य के दक्षिणी शिपिंग लेन से ओमान की समु्द्री सीमा से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन पर दो ईरानी क्रूज मिसाइलों से हमला किया गया। मंत्रालय के अनुसार, हमले में मोंबासा टैंकर पर तैनात एक भारतीय क्रू सदस्य की मौत हो गई। इसके अलावा कुल 8 लोग घायल हुए, जिनमें छह भारतीय और दो यूक्रेनी नागरिक शामिल हैं। घायलों में चार लोगों की हालत गंभीर बताई गई है। हमले के बाद दोनों टैंकरों में आग लग गई, जिससे जहाजों को भारी नुकसान हुआ। हालांकि राहत और बचाव दल ने आग पर काबू पा लिया और हालात नियंत्रण में कर लिए।

UAE ने बताया अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन

इस भीषण हमले की कड़ी निंदा करते हुए UAE सरकार ने इसे अंतरराष्ट्रीय कानून का खुला उल्लंघन बताया है। यूएई रक्षा मंत्रालय ने कहा "यह हमला अंतरराष्ट्रीय कानून का गंभीर उल्लंघन है, जो पूरे क्षेत्र की सुरक्षा और स्थिरता के लिए बड़ा खतरा है। यूएई इस उकसावे वाली कार्रवाई का जवाब देने का अपना पूरा अधिकार सुरक्षित रखता है। हम अपनी संप्रभुता, नागरिकों और राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए हर आवश्यक कदम उठाएंगे।"

विदेश मंत्रालय ने भी की कड़ी निंदा

UAE के विदेश मंत्रालय (MoFA) ने भी इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है। इस दुखद घटना पर मंत्रालय ने भारत सरकार और भारतीय नागरिकों के प्रति संवेदना जताते हुए मृत भारतीय क्रू सदस्य के परिवार के प्रति शोक जताया।

होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने की मांग

विदेश मंत्रालय ने कहा कि यह हमला संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव 2817 (Resolution 2817) का सीधा उल्लंघन है। UAE ने सभी पक्षों से तुरंत हिंसा रोकने और होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह खोलने की अपील की, ताकि वैश्विक समुद्री व्यापार और क्षेत्रीय सुरक्षा प्रभावित न हो।

अफवाहों से बचने की अपील

UAE रक्षा मंत्रालय ने कहा कि सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं और किसी भी खतरे से निपटने के लिए तैयार हैं। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे केवल आधिकारिक स्रोतों से ही जानकारी लें और अफवाहों पर भरोसा न करें।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!