Japan Plane Collide: जापान के एक एयरपोर्ट पर दो प्लेनों के बीच टक्कर हो गई है। टक्कर के बाद प्लेन में मौजूद यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। इस टक्कर में प्लेन को नुकसान पहुंचा है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, फ़ूजी टीवी ने बताया कि मंगलवार को जापान के उत्तरी द्वीप होक्काइडो के न्यू चिटोज़ हवाई अड्डे पर कोरियाई एयर लाइन्स का एक विमान कैथे पैसिफिक एयरवेज़ के विमान से टकरा गया।
कोरियाई विमान पर सवार थे 289 लोग
जापानी मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, कोरियाई एयर का विमान 289 लोगों को ले जा रहा था, जब वह खड़े कैथे पैसिफिक विमान से टकरा गया। कोरियाई एयर ने यह भी पुष्टि की कि उसके विमान में कोई घायल नहीं हुआ है।
कैसे टकराए प्लेन
कोरियाई प्लेन के अधिकारी ने कहा कि यह घटना तब हुई जब एक टोइंग कार, जो प्रस्थान से पहले कोरियाई एयर विमान को पीछे की ओर धकेल रही थी, जमीन पर बर्फ के कारण फिसल गई, जिससे हवाई जहाज का बायां पंख कैथे पैसिफिक विमान के दाहिने पिछले पंख से टकरा गया।
