Sudan Crisis: सूडान में इस समय सत्ता को लेकर संघर्ष जारी है। सेना और अर्द्धसैनिक बलों के बीच राजधानी खार्तूम में भीषण लड़ाई जारी है। ऐसे में वहां फंसे लोगों को अपने-अपने देश निकालने में जुटे हैं। भारत भी अपने नागरिकों को सूडान से निकालने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए भारतीय एयरफोर्स के दो विमान तैनात किए गए हैं।
कितने लोग हैं फंसे
सूडान में 3000 से ज्यादा भारतीय फंसे हैं। इससे पहले सऊदी अरब कुछ भारतीयों को सूडान से निकाल चुका है। सऊदी ने इसे लेकर कहा कि उसने घनिष्ठ संबंध रखने वाले देशों और मित्र राष्ट्रों के 66 नागरिकों को सूडान से सुरक्षित रूप से निकाला है, जिनमें कुछ भारतीय भी शामिल हैं।
कहां तैनात हैं विमान
भारत ने हिंसा प्रभावित सूडान में फंसे भारतीयों को इस अफ्रीकी देश से सुरक्षित रूप से निकालने की अपनी आकस्मिक योजना के तहत जेद्दा में दो सी-130जे सैन्य परिवहन विमान उड़ान भरने के लिए तैयार रखे हैं। साथ ही, भारतीय नौसेना के एक जहाज को क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बंदरगाह पर रखा गया है।
क्या कहा विदेश मंत्रालय ने
पीटीआई के अनुसार विदेश मंत्रालय ने इस बारे में विवरण देते हुए कहा कि भारतीयों को सुरक्षित रूप से निकालने के लिए आकस्मिक योजनाएं तैयार रखी गई हैं, लेकिन जमीन पर कोई भी गतिविधि सुरक्षा स्थिति पर निर्भर करेगी। मंत्रालय ने कहा कि सूडान की राजधानी खार्तूम में विभिन्न स्थानों से भीषण झड़पों की खबरें आने के साथ वहां सुरक्षा स्थिति अस्थिर बनी हुई है। सरकार ने शुक्रवार को कहा था कि वह सूडान में विभिन्न स्थानों पर मौजूद 3,000 से अधिक भारतीय नागरिकों की सुरक्षा पर अभी ध्यान दे रही है। विदेश मंत्रालय ने रविवार को एक बयान में कहा-"हमारी तैयारियों के तहत और तेजी से इस मिशन को पूरा करने के लिए भारत सरकार कई विकल्पों पर काम कर रही है। भारतीय वायुसेना के दो सी-130जे (विमान) अभी जेद्दा में उड़ान भरने के लिए तैयार रखे गये हैं और आईएनएस सुमेधा पोर्ट सूडान पहुंच गया है।"
