दुनिया

भारतीयों सहित Twitter के हजारों कर्मचारी होंगे बेरोजगार! ये अमेरिकी कानून बचाएगा नौकरी ?

  • Agency by: Agency
  • Updated Nov 4, 2022, 01:53 PM IST

Twitter Major Layoff: साल 2021 में अमेरिकी नेशनल लेबर रिलेशन बोर्ड ने मस्क द्वारा एक कर्मचारी को निकालने जाने को श्रम कानून का उल्लंघन बताते हुए, उसे Tesla में दोबारा नियुक्त करने का आदेश दिया था। इसके अलावा Spacex से जून 2022 में कर्मचारियों के निकालने जाने की कार्रवाई पर भी मस्क घिर रहे है हैं।

KEY HIGHLIGHTS
  • अमेरिका में बड़े पैमाने पर छंटनी किए जाने पर WARN कानून लागू होता है।
  • इस कानून के तहत कर्मचारियों को 60 दिन के नोटिस का प्रावधान है।
  • ट्विटर के 7,500 कर्मचारियों में से लगभग आधे के ऊपर नौकरी खोने का खतरा है।

Twitter Major Layoff: जिसकी आशंका थी, अब वहीं ट्विटर में हो रहा है। सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर (Twitter) के नए मालिक एलन मस्क (Elon Musk) ने बड़े पैमाने पर छंटनी शुरू कर दी है। इसके तहत कंपनी ने अपने कर्मचारियों को शुक्रवार को ऑफिस नहीं आने का ई-मेल भेज दिया है। और कहा कि उन्हें ई-मेल के लिए जरिए जानकारी दे दी जाएगी कि उन्हें निकाला गया है या फिर आगे कंपनी में काम करना है। रिपोर्ट के अनुसार ट्विटर के 7,500 कर्मचारियों में से लगभग आधे को अपनी नौकरी से हाथ धोना पड़ेगा। एक झटके में हो रही इस छंटनी से कर्मचारियों में हड़कंप मचा हुआ है। इस बीच ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, बृहस्पितवार को सैन फ्रैन्ससिको फेडरल कोर्ट में कंपनी के खिलाफ क्लास सूट फाइल कर दिया गया है। कर्मचारियों के अनुसार कंपनी ने फेडरल और कैलिफोर्निया के कानून के तहत नोटिस पीरियड का उल्लंघन किया है।

इस बात को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं कि क्या एलन मस्क एक झटके में हजारों की संख्या में लोगों को निकाल सकते हैं। और इस बारे में अमेरिकी श्रम कानून, कर्मचारियों को क्या अधिकार देते हैं। एलन मस्क इसके पहले Tesla कंपनी में ऐसी कार्रवाई पर मात खा चुके हैं। और साल 2021 में अमेरिकी नेशनल लेबर रिलेशन बोर्ड ने मस्क द्वारा एक कर्मचारी को निकालने जाने को श्रम कानून का उल्लंघन बताते हुए, उसे दोबारा नियुक्त करने का आदेश दिया था। इसी तरह वह अपनी दूसरी कंपनी Spacex से जून 2022 में कर्मचारियों के निकालने जाने की कार्रवाई पर भी घिर रहे है हैं।

ट्विटर में बड़े पैमाने पर छंटनी बन सकती है मुसीबत

अमेरिकी पोर्टल Barron's की एक रिपोर्ट के अनुसार एलन मस्क भले ही ट्विटर में बड़े पैमाने पर छंटनी कर डॉलर बचाने की कोशिश कर रहे हैं। लेकिन यही तरीका उन्हें कानून पचड़े में भी डाल सकता है। अगर पराग अग्रवाल सहित दूसरे टॉप एक्जीक्यूटिव और कर्मचारी मामले को अदालत में ले जाते हैं, तो मस्क के लिए, बचाव करना मुश्किल होगा। यही नहीं आम तौर पर कर्मचारियों के कॉन्ट्रैक्ट में यह स्पष्ट होता है कि कर्मचारियों को केवल उन मामलों में निकाला जा सकता है, जब वह बेहद लापरवाही या जानबूझकर नौकरी के लिए कर्तव्यों को नहीं निभा रहे हैं। और मस्क के लिए इस आधार पर कर्मचारियों की चुनौती से निपटना आसान नहीं होगा।

नोटिस के क्या हैं नियम

अमेरिका की एक आईटी कंपनी में काम कर चुके एक भारतीय सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने टाइम्स नाउ नवभारत को बताया कि अमेरिका में कर्मचारियों के लिए नोटिस पीरियड के प्रावधान भारत से बेहद अलग हैं। वहां पर सीनियर से लेकर जूनियर तक के कर्मचारियों का आम तौर पर एक दिन से लेकर 15 दिन का नोटिस पीरियड होता है। बहुत कम मामलों में यह नोटिस पीरियड 30 दिनों का होता है। ऐसे में किसी कर्मचारी को तुरंत नोटिस देकर निकालना कोई आश्चर्यजनक बात नही हैं। हालांकि ज्यादातर अनुबंधों में ऐसी स्थिति में हर्जाने का प्रावधान होता है।

अमेरिका में बड़े पैमाने पर छंटनी के क्या है नियम

अमेरिका में बड़े पैमाने पर छंटनी किए जाने पर WARN (The Worker Adjustment and Retraining Notification )कानून भी लागू होता है। अमेरिकी श्रम विभाग के अनुसार यह कानून अमेरिका के हर जिले में लागू होता है। इसके तहत अगर किसी कंपनी में 100 या उससे ज्यादा स्थायी कर्मचारी है। और वह किसी साइट को बंद कर रही है, उसकी वजह से कम से कम 50 कर्मचारियों पर असर हो रहा है तो उन्हें 60 दिन का नोटिस पीरियड देना होगा। हालांकि यह प्रावधान केवल उन्ही कर्मचारियों पर लागू होता है, जो उस कंपनी में 6 महीने से ज्यादा समय से काम कर रहे हैं। इसके अलावा अगर किसी कंपनी में बड़े पैमाने पर छंटनी हो रही है और उससे उसके एक तिहाई कर्मचारी प्रभावित हो रहे हैं तो भी यह कानून लागू होता है। जाहिर है जिस तरह एक झटके में ट्विटर के 3500 से ज्यादा कर्मचारी के निकाने जाने की आशंका है। उससे ट्विटर पर WARN एक्ट लागू हो सकता है।

कंपनीनिकाले गए कर्मचारियों की संख्यासाल
IBM60,000जुलाई 1993
सिटी ग्रुप50,000जनवरी 2008
जनरल मोटर्स47,000फरवरी 2009
AT&T46,000जनवरी 1996
फोर्ड मोटो कॉर्प35,000जनवरी 2002
स्रोत: फॉर्च्यून, पिछले दो दशक की बड़ी छंटनी

इन मामलों में मस्क को लग चुका है झटका

ऐसा नहीं है कि एलन मस्क पहली बार बड़े पैमाने पर छंटनी कर रहे हैं। बीते जून 2022 में, मस्क अपनी कंपनी Spacex में ऐसी छंटनी कर चुके हैं। मस्क ने जून में अपने कई कर्मचारियों को इस वजह से निकाल दिया था, क्योंकि उन्होंने मस्क द्वारा किए जाने वाले ट्वीट्स पर आपत्ति जताई थी। आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार कर्मचारियों कहना था कि हमारे सीईओ और सबसे प्रमुख प्रवक्ता के रूप में, एलन मस्क को स्पेसएक्स के चेहरे के रूप में देखा जाता है। और उनके द्वारा भेजा जाने वाला प्रत्येक ट्वीट कंपनी का एक सार्वजनिक बयान माना जाता है। ऐसे में हमारी टीम को यह स्पष्ट करना महत्वपूर्ण है कि उनका मैसेज हमारे काम, हमारे मिशन या हमारे मूल्यों को रिफेल्ट नहीं करता है। कर्मचारियों के इस विरोध के बाद उन्हें मस्क ने निकाल दिया था।

मस्क के इस कदम के बाद कर्मचारियों के संगठन द कम्युनिकेशंस वर्कर्स ऑफ अमेरिका ने पूरे मामले को गंभीरता से लिया है। और कर्मचारियों का निकाला जाना श्रम कानूनों का उल्लंघन का मामला बन सकता है। निकाले गए कर्मचारी नेशनल लेबर रिलेशन बोर्ड में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार Spacex को इन कर्मचारियों को वापस नियुक्त करना पड़ सकता है। जैसा कि Tesla को 2021 में कर्मचारी को वापस लेने का आदेश दिया गया था।

प्रशांत श्रीवास्तव
प्रशांत श्रीवास्तव author

करीब 17 साल से पत्रकारिता जगत से जुड़ा हुआ हूं। और इस दौरान मीडिया की सभी विधाओं यानी टेलीविजन, प्रिंट, मैगजीन, डिजिटल और बिजनेस पत्रकारिता में काम कर... और देखें

End of Article