दुनिया

US-Iran Conflict: 'पलटवार करने की सोचना भी मत...', ईरान पर US स्ट्राइक के बाद ट्रंप की खुली धमकी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिका ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी ठिकानों पर बड़े हमले शुरू किए हैं। उन्होंने ईरान को जवाबी कार्रवाई न करने की चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसा होने पर अमेरिका और भी बड़ा हमला करेगा। ट्रंप ने ईरान पर होर्मुज में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डे पर मिसाइलें दागने का आरोप लगाया है।

Image

ट्रंप ने ईरान को दी बड़ी सैन्य कार्रवाई करने की धमकी। AI IMAGE

US-Iran Conflict: अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को दावा किया कि अमेरिकी सेना स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के पास ईरानी ठिकानों पर बड़े और शक्तिशाली हमले कर रही है। ट्रंप ने कहा कि यह कार्रवाई ईरान की ओर से समुद्री मार्ग में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने की कथित कोशिश और जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य अड्डे की ओर दागी गई आठ मिसाइलों के जवाब में की गई है।

'ईरान ने जवाब दिया तो और भी बड़ा हमला होगा'

ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ईरान को सीधे तौर पर चेतावनी दी कि अगर तेहरान ने अमेरिकी हमलों का जवाब दिया तो अमेरिका और ज्यादा कड़े स्तर पर हमला करेगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्रवाई से भी बड़ा हमला अभी आगे के लिए तैयार है। ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की ओर से जॉर्डन स्थित अमेरिकी सैन्य अड्डे पर दागी गई आठों मिसाइलों को सफलतापूर्वक मार गिराया गया। जॉर्डन की ओर से भी आठ मिसाइलों के इंटरसेप्ट किए जाने और किसी के हताहत न होने की जानकारी दी गई थी।

trump.

ट्रंप ने ईरान को दी कार्रवाई की धमकी।

होर्मुज में बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश का आरोप

अमेरिकी कार्रवाई की वजह बताते हुए ट्रंप ने ईरान पर स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने की कोशिश का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि फिलहाल होर्मुज में कोई माइन नहीं है और उन्हें या तो हटा दिया गया है या फिर विस्फोट कर निष्क्रिय कर दिया गया है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री ऊर्जा मार्गों में से एक है। यहां किसी भी तरह की सैन्य गतिविधि का असर अंतरराष्ट्रीय शिपिंग और तेल आपूर्ति पर पड़ सकता है।

आईआरजीसी के ठिकानों पर अमेरिकी हमले

अमेरिकी सेना ने ताजा कार्रवाई में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) से जुड़े ठिकानों को निशाना बनाया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई का संबंध होर्मुज में वाणिज्यिक जहाजों के खिलाफ कथित गतिविधियों और क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी सैन्यकर्मियों को निशाना बनाए जाने की कोशिशों से भी है। ईरान के कई इलाकों में धमाकों की खबरें भी सामने आई हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, क़ेशम द्वीप, बंदर अब्बास, चाबहार और कोनारक जैसे इलाकों में विस्फोटों की सूचना मिली है।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article