दुनिया

ट्रंप का दावा-बातचीत के बाद नेतन्याहू ने बेरूत पर हमले की योजना टाली, हिज्बुल्ला भी नहीं करेगा हमले

लेबनान में इजराइल के हमलों के बाद अमेरिका और ईरान के बीच जारी पीस डील पर वार्ता के पटरी से उतरने के भी खतरे बढ़ गए थे। ईरान ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि लेबनान की राजधानी बेरूत और उसके आसपास के इलाकों में यदि इजराइल ने हमले किए तो उसके ऊपर भी हमले होंगे।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : AP

West Asia Crisis : पश्चिम एशिया में युद्ध दोबारा शुरू होने का जो खतरा बढ़ गया था, वह थमता हुआ नजर आ रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और हिज्बुल्ला के प्रतिनिधि दोनों से बात करने के बाद कहा है कि नेतन्याहू, लेबनान की राजधानी बेरूत में अपनी फौज नहीं भेजेंगे और हिज्बुल्ला भी आईडीएफ पर हमले नहीं करेगा। ट्रंप का दावा है कि बातचीच के बाद नेतन्याहू ने बेरूत में हमले करने की अपनी योजना टाल दी है। ट्रंप के इस बयान के बाद क्षेत्र में तनाव जो तेजी से बढ़ता जा रहा था, उसमें थोड़ी कमी आई है। अब हालात बहुत कुछ इजराइल की कार्रवाई पर निर्भर करेंगे। यदि नेतन्याहू बेरूत पर हमला कर देते हैं तो स्थितियां काफी जटिल हो सकती हैं।

पीस डील के पटरी से उतरने के खतरे बढ़ गए थे

इससे पहले, लेबनान में इजराइल के हमलों के बाद अमेरिका और ईरान के बीच जारी पीस डील पर वार्ता के पटरी से उतरने के भी खतरे बढ़ गए थे। ईरान ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि लेबनान की राजधानी बेरूत और उसके आसपास के इलाकों में यदि इजराइल ने हमले किए तो उसके ऊपर भी हमले होंगे। रिपोर्टों की मानें तो लेबनान में इजराइल की कार्रवाई के बाद ईरान ने शांति वार्ता पर बातचीत फिलहाल रोक दी है। हालांकि, ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ उनकी पीस डील पर बातचीत जारी है।

नेतन्याहू को ट्रंप ने फटकार लगाई!

बताया जा रहा है कि लेबनान में इजराइल के हमलों को लेकर ट्रंप काफी नाराज हैं। रिपोर्टों में कहा गया है कि लेबनान में कार्रवाई को लेकर उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री को फोन मिलाकर उन्हें फटकार लगाई। दोनों नेताओं में तीखी बहस होने की बात भी कही जा रही है। ट्रंप ने नेतन्याहू से कहा है कि वह बेरूत में अपनी फौज नहीं भेजेंगे। यही नहीं, अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति ने हिज्बुल्ला के प्रतिनिधि से भी बात की है। इस रिपोर्ट की मानें तो हिज्बुल्ला ने इजराइल बलों पर हमले रोकने को तैयार हो गया है। दरअसल, बेरूत पर इजराइल के हमले को लेकर ईरान से लेकर यूरोप के देशों ने भी इजराइल से नाराजगी जाहिर की है। सभी ने इजराइल से हमले तुरंत रोकने की अपील की है।

नेतन्याहू ने दाहियेह पर हमले का आदेश दिया था

इस बीच, लेबनान और हिज्बुल्ला पर हमलों को लेकर ईरान ने भी अपने तेवर काफी कड़े कर लिए हैं। पीस डील पर अमेरिका के साथ बातचीत करने वाले ईरानी संसद के स्पीकर बाघेर गालिबाफ ने कहा है कि लेबनान के खिलाफ इजराइल की कार्रवाई यदि जारी रहती है तो ईरान केवल यूएस के साथ जारी बातचीत ही नहीं रोकेगा बल्कि शत्रु के साथ वह सीधे टकराव की स्थिति में आ जाएगा। यानी ईरान ने सीधे इजराइल पर हमले शुरू करने की धमकी दी है। दरअसल, इजराइल ने हाल के दिनों में दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्ला के ठिकानों को निशाना बनाते हुए बड़े हमले किए हैं। बेक्का घाटी और टायर सिटी में हमलों के बाद नेतन्याहू ने बेरूत के दक्षिणी इलाके दाहियेह पर हमले का आदेश दिया था। नेतन्याहू के इस आदेश के बाद हिज्बुल्ला को हमलों से बचाने के लिए ईरान पर दबाव काफी बढ़ गया था।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article