दुनिया

ट्रंप बोले-न्यूक्लियर डील पर जानबूझकर हीलाहवाली कर रहा ईरान, परमाणु हथियार बनाने के है 'बेहद करीब'

Iran- US Nuclear Deal : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को उसके न्यूक्लियर कार्यक्रम के लिए एक बार फिर चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि तेहरान अपना परमाणु कार्यक्रम यदि नहीं छोड़ता तो उस पर हमला होना तय है। उन्होंने कहा कि ईरान जानबूझकर न्यूक्लियर डील पर जारी चर्चा को लटका रहा है।

Image

न्यूक्लियर डील पर अमेरिका-ईरान कर रहे हैं बातचीत।

Iran- US Nuclear Deal : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को उसके न्यूक्लियर कार्यक्रम के लिए एक बार फिर चेतावनी दी है। ट्रंप ने कहा है कि तेहरान अपना परमाणु कार्यक्रम यदि नहीं छोड़ता तो उस पर हमला होना तय है। उन्होंने कहा कि ईरान जानबूझकर न्यूक्लियर डील पर जारी चर्चा को लटका रहा है और वह परमाणु हथियार बनाने के बेहद करीब है। बता दें कि बीते शनिवार को ओमान में मध्यपूर्व में ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने ईरान के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। मीडिया से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि 'ईरान को परमाणु हथियार रखने वाले अपने विचार को छोड़ना होगा। वे कोई परमाणु हथियार नहीं रख सकते।'

रोम में होगी अगली दौर की वार्ता

तेहरान के तेजी से बढ़ते परमाणु कार्यक्रम पर ईरान और अमेरिका के बीच वार्ता पश्चिम एशिया के बाहर होगी। रिपोर्टों में इतालवी सूत्र के हवाले से कहा गया है कि दोनों देशों के बीच अगले दौर की बातचीत रोम में होगी। इस बीच, संयुक्त राष्ट्र के परमाणु निगरानी संस्था के प्रमुख राफेल मारियानो ग्रॉसी ने अलग से पुष्टि की कि वह इस सप्ताह के अंत में ईरान की यात्रा पर जाएंगे और इस दौरान वह तेहरान के कार्यक्रम तक अपने निरीक्षकों की पहुंच में सुधार के तरीकों पर चर्चा कर सकते हैं।

हवाई हमले की बार-बार धमकी दे रहे ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बार-बार धमकी दी है कि अगर समझौता नहीं हुआ तो वह ईरान के परमाणु कार्यक्रम को निशाना बनाकर हवाई हमले करेंगे। ईरानी अधिकारी लगातार चेतावनी दे रहे हैं कि वे अपने यूरेनियम भंडार को हथियार स्तर तक समृद्ध करके परमाणु हथियार बनाने की दिशा में आगे बढ़ सकते हैं। इतालवी सरकार के एक सूत्र ने पुष्टि की है कि अगले दौर की बातचीत शनिवार को रोम में होगी। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने जापान के ओसाका में पत्रकारों को बताया कि इटली सरकार ने वार्ता की मेजबानी के लिए अपनी मंजूरी दे दी है।

ओमान जारी रखेगा मध्यस्थता का काम

तजानी ने कहा, 'हमें इच्छुक पक्षों, मध्यस्थ की भूमिका निभा रहे ओमान से अनुरोध प्राप्त हुआ और हमने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी।' ईरानी और अमेरिकी अधिकारियों ने दूसरे दौर की वार्ता के स्थान के बारे में तुरंत जानकारी नहीं दी। हालांकि, यह संभावना है कि ओमान दोनों पक्षों के बीच मध्यस्थता करना जारी रखेगा। उसने ने शनिवार को मस्कत में वार्ता के पहले दौर की मेजबानी की थी। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बागई ने सोमवार को तेहरान में पत्रकारों से कहा, 'अगले दौर की वार्ता संभवतः ओमान के अलावा कहीं और होगी। यह कोई महत्वपूर्ण मामला नहीं है।'

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article