Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच युद्ध रुकवाने का दावा किया। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दोनों देशों के बीच संभावित परमाणु युद्ध रोकने में सीधी भूमिका निभाई। अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि 'बहुत ही शानदार' पीएम मोदी से उनकी बात हुई और उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि यदि उसने लड़ाई जारी रखी तो वह ट्रेड डील नहीं करेंगे। बता दें कि भारतीय उत्पादों पर लगाया गया 50 प्रतिशत टैरिफ बुधवार से लागू हो जाएगा।
मैंने पाक को व्यापार को लेकर चेताया -ट्रंप
व्हाइट हाउस में कैबिनेट की बैठक को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा, 'मैंने एक बहुत ही शानदार इंसान, भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात की। मैंने पूछा कि आपके और पाकिस्तान के बीच क्या चल रहा है। फिर मैंने पाकिस्तान से व्यापार के बारे में बात की। मैंने पूछा कि आपके और भारत के बीच क्या चल रहा है? नफरत जबरदस्त थी। यह बहुत लंबे समय से चल रहा है, जैसे, कभी-कभी सैकड़ों सालों से अलग-अलग नामों से।'
'... आपका सिर चकरा जाएगा'
ट्रंप के मुताबिक 'मैंने कहा, मैं आपके साथ कोई व्यापार समझौता नहीं करना चाहता... लोग परमाणु युद्ध में उलझ जाएंगे... मैंने कहा, कल मुझे फिर से फोन करना लेकिन हम आपके साथ कोई समझौता नहीं करेंगे, वरना हम आप पर इतने ज्यादा टैरिफ लगा देंगे कि आपका सिर घूम जाएगा। लगभग पांच घंटे के अंदर, यह हो गया। अब शायद यह फिर से शुरू हो जाए। मुझे नहीं पता। मुझे ऐसा नहीं लगता लेकिन अगर ऐसा हुआ तो मैं इसे रोक दूंगा। हम ऐसी चीजें नहीं होने दे सकते।'
भारत-पाक युद्ध परमाणु स्तर तक बढ़ सकता था-ट्रंप
व्हाइट हाउस में प्रेस से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि इनमें से चार युद्ध उन्होंने ‘शुल्क और व्यापार’ के जरिये रोके। ट्रंप ने कहा, 'मैंने कहा कि अगर आप लड़ना और सबको मारना चाहते हैं तो ठीक है, लेकिन फिर मैं 100 प्रतिशत ‘टैरिफ’ लगा दूंगा। नतीजा यह हुआ कि सभी पीछे हट गए।' उन्होंने कहा, ‘मैंने ये सभी युद्ध रोक दिए हैं। इनमें से एक बड़ा युद्ध भारत और पाकिस्तान के बीच होता।’ ट्रंप ने दावा किया कि भारत-पाक युद्ध परमाणु स्तर तक बढ़ सकता था।
उन्होंने कहा, 'उन्होंने पहले ही सात जेट गिरा दिए थे। मैंने कहा कि अगर आप लड़ाई जारी रखते हैं तो हमारे साथ कोई व्यापार नहीं होगा। 24 घंटे में मामला सुलझा लीजिए। नतीजा यह हुआ कि उन्होंने कहा कि अब कोई युद्ध नहीं है।' ट्रंप ने यह स्पष्ट नहीं किया कि गिराए गए सात विमान किस देश के थे।
