Trump on Ukraine War: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत शुरू करने पर सहमत हो गए हैं। ट्रंप ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट में दोनों नेताओं के बीच एक कॉल का खुलासा करते हुए कहा कि वे बहुत निकटता से एक साथ काम करेंगे। यह कॉल कैदियों की अदला-बदली के बाद हुई, जिसके परिणामस्वरूप रूस ने पेंसिल्वेनिया के अमेरिकी स्कूल शिक्षक मार्क फोगेल को तीन साल से अधिक समय तक हिरासत में रखने के बाद रिहा कर दिया। रूसी अपराधी अलेक्जेंडर विन्निक को मॉस्को द्वारा फोगेल को रिहा करने के बदले रिहा किया जा रहा है, दो अमेरिकी अधिकारियों ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। अधिकारियों ने नाम नहीं बताने की शर्त पर स्वैप को लेकर बात की।
ट्रंप करेंगे पुतिन से बात
जेलेंस्की से भी की बात
वहीं, यूक्रेनी अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोडिमिर जेलेंस्की के साथ फोन पर बातचीत की है, एपी के हवाले से यह रिपोर्ट आई है।
कूटनीतिक सफलता करार दिया
व्हाइट हाउस ने फोजेल की रिहाई को एक कूटनीतिक सफलता करार दिया है, जिससे यूक्रेन में युद्ध की समाप्ति के लिए बातचीत को आगे बढ़ाया जा सकेगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने पेंसिल्वेनिया के शिक्षक फोजेल को लेकर रूसी हवाई अड्डे से उड़ान भरी। फोजेल के बुधवार सुबह तक अपने परिवार से मिलने की उम्मीद है। उन्हें प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखने के आरोप में अगस्त 2021 में गिरफ्तार किया गया था और 14 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी।
अमेरिका के रक्षा मंत्री ने दिया यू्क्रेन को झटका
इस बीच अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने बुधवार को कहा कि यूक्रेन के लिए उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) की सदस्यता की उम्मीद अव्यावहारिक थी। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लिए आगे का रास्ता यह है कि वह सीमा के लिहाज से 2014 से पहले की स्थिति की वापसी की उम्मीदें छोड़ दे और रूस के साथ एक ऐसे समझौते के लिए तैयार हो जाए, जिसे अंतरराष्ट्रीय सैनिकों वाले संभावित शांतिरक्षक बल का समर्थन हासिल हो।
हेगसेथ ने नाटो और यूक्रेन रक्षा संपर्क समूह के सदस्य देशों के प्रतिनिधियों से मुलाकात के दौरान ये टिप्पणियां कीं। वह इन दोनों गठबंधनों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने वाले ट्रंप प्रशासन के पहले सदस्य हैं।
सहयोगी देश यह जानने को उत्सुक हैं कि वाशिंगटन आने वाले समय में यूक्रेन को कितनी सैन्य एवं वित्तीय सहायता मुहैया कराने का इच्छुक है। हेगसेथ ने उनसे कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चाहते हैं कि यूक्रेन को अधिकांश सैन्य एवं वित्तीय सहायता देने का जिम्मा यूरोपीय देश संभालें, एक संभावित शांतिरक्षक बल की तैनाती की जाए जिसमें अमेरिकी सैनिक न शामिल हों। संभावित शांति रक्षक बल के ये सैनिक अगर रूसी सेनाओं के संपर्क में आते हैं, तो उन्हें अनुच्छेद पांच के तहत सुरक्षा न प्रदान की जाए।
