अल-शरा ने राष्ट्रपति बशर अल असद को हटा दिया था
पिछले साल दिसंबर में अल-शरा के नेतृत्व में विद्रोहियों ने सीरियाई राष्ट्रपति बशर अल असद की सरकार को सत्ता से हटा दिया था। साल 2003 में अमेरिका के नेतृत्व में हुए आक्रमण के बाद चरमपंथ में अपनी भूमिका के लिए शरा को इराक में जेल में बंद कर दिया गया था। वह 2000 में जिनेवा में हाफिज अल असद की बिल क्लिंटन से हुई मुलाकात के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति से मुलाकात करने वाले पहले सीरियाई नेता बन जाएंगे। सीरिया की अंतरिम सरकार ने प्रतिबंध हटाने से संबंधित अमेरिका के फैसले का स्वागत किया है। सीरिया के विदेश मंत्रालय ने प्रतिबंध हटाने से संबंधित ट्रंप के बयान को मंगलवार रात सीरियाई लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पल बताया, जो युद्ध के लंबे व दर्दनाक दौर से बाहर निकलना चाहते हैं।
सीरियाई राष्ट्रपति से की मुलाकात
वहीं, डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को सीरिया के अंतरिम राष्ट्रपति अहमद अल-शरा से मुलाकात की। दोनों देशों के नेताओं के बीच 25 साल बाद यह पहली मुलाकात है। इससे पहले 2000 में, सीरिया के तब के राष्ट्रपति हाफिज अल असद ने जिनेवा में तत्कालीन अमेरिकी राष्ट्रपति बिल क्लिंटन से मुलाकात की थी। ट्रंप ने खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) के नेताओं के साथ हुई बैठक के इतर शरा से मुलाकात की। यह मुलाकात सीरिया के लिए एक बड़े घटनाक्रम का प्रतीक है, जो असद परिवार के 50 साल से अधिक समय के कठोर शासन के बाद उबरने की कोशिश कर रहा है। यह भी उल्लेखनीय है कि अल-शरा के अल-कायदा से संबंध रहे थे और वह सीरियाई युद्ध में हिस्सा लेने से पहले इराक में अमेरिकी सेना से लड़ने वाले विद्रोहियों में शामिल थे।
ट्रंप ने मंगलवार को कहा था कि अमेरिका सीरिया पर लगे आर्थिक प्रतिबंधों को हटाने की दिशा में कदम उठाएगा।
सीरिया में 2011 में गृहयुद्ध छिड़ गया था। पिछले साल दिसंबर में शरा के नेतृत्व में हयात तहरीर अल-शाम के विद्रोहियों ने राष्ट्रपति बशर अल-असद को सत्ता से हटा दिया था। इसके साथ ही सीरिया में असद परिवार के 54 साल के शासनकाल का अंत हो गया था। यह बैठक बंद कमरे में हुई और पत्रकारों को वहां जाने की अनुमति नहीं थी। व्हाइट हाउस ने तत्काल यह नहीं बताया कि बैठक में और कौन-कौन शामिल था। न ही व्हाइट हाउस ने बातचीत के बारे में कोई विवरण दिया। ट्रंप ने कहा कि वह एक दशक से अधिक समय से गृहयुद्ध का सामना कर रहे सीरिया को अल-शरा के नेतृत्व में शांति का मौका देना चाहते हैं।
इस बीच, सीरिया पर से प्रतिबंध हटाने की ट्रंप की घोषणा के बाद देश में जश्न का माहौल है। यह खबर मिलने के बाद राजधानी दमिश्क में लोगों ने रात के समय आतिशबाजी करके अपनी खुशी जाहिर की। सरकारी समाचार एजेंसी ‘सना’ ने वीडियो और तस्वीरें प्रकाशित की हैं, जिनमें उमय्यद स्कवायर पर लोग जश्न मनाते हुए दिख रहे हैं। कई लोगों ने जश्न मनाते हुए अपनी कारों के हॉर्न बजाए और नया सीरियाई झंडा लहराया। सीरिया की अंतरिम सरकार ने प्रतिबंध हटाने से संबंधित अमेरिका के फैसले का स्वागत किया है। सीरिया के विदेश मंत्रालय ने प्रतिबंध हटाने से संबंधित ट्रंप के बयान को मंगलवार रात सीरियाई लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण पल बताया, जो युद्ध के लंबे व दर्दनाक दौर से बाहर निकलना चाहते हैं।
