दुनिया

सिचुएशन रूम की बैठक के बाद भी पीस डील पर ट्रंप ने नहीं की कोई घोषणा, व्हाइट हाउस बोला-तेहरान को मानना होगा 'रेड लाइन'

ट्रंप ने कहा था कि सिचुएशन रूम में शुक्रवार को नेशनल सेक्युरिटी टीम के साथ बैठक होने के बाद वह पीस डील पर अपनी 'अंतिम राय' के बारे में कोई घोषणा कर सकते हैं। हालांकि, बैठक के बाद एक बयान में व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि यह बैठक करीब दो घंटे चली।

Image

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप।

Photo : ANI

Trump Situation Room meeting : व्हाइट हाउस में सिचुएशन रूम की बैठक के बाद भी अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ संभावित पीस डील पर कोई घोषणा नहीं की। दरअसल, ट्रंप ने कहा था कि सिचुएशन रूम में शुक्रवार को नेशनल सेक्युरिटी टीम के साथ बैठक होने के बाद वह पीस डील पर अपनी 'अंतिम राय' के बारे में कोई घोषणा कर सकते हैं। हालांकि, बैठक के बाद एक बयान में व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने कहा कि यह बैठक करीब दो घंटे चली।

ट्रंप को जब लगेगा 'रेड लाइन' हो रही पूरी, तब होगी घोषणा

सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक अपने बयान में अधिकारी ने कहा, 'सिचुएशन रूम की बैठक खत्म हो गई है। यह बैठक करीब दो घंटे चली। पीस डील के बारे में राष्ट्रपति ट्रंप तभी कोई घोषणा करेंगे जब उन्हें यह लगे कि उन्होंने जो रेड लाइन बताई हैं, वह पूरी हो रही हों। इसमें सबसे बड़ी शर्त है कि ईरान के पास न्यूक्लियर हथियार नहीं होने चाहिए।'

अस्थायी समझौते पर सहमत होने की बात आई थी सामने

इससे पहले एसोसिएटेड प्रेस और अन्य समाचार आउटलेट्स ने बृहस्पतिवार को अपनी खबर में बताया था कि अमेरिकी और ईरानी वार्ताकार एक अस्थायी समझौते पर सहमत हो गए हैं। इस समझौते से युद्धविराम को 60 दिनों के लिए बढ़ा दिया जाएगा। वहीं नयी वार्ता ईरान के विवादित परमाणु कार्यक्रम पर होने की बात है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर कहा, 'ईरान को यह मानना होगा कि वे कभी परमाणु हथियार या बम नहीं रखेंगे।'

सभी समुद्री बारूदी सुरंगों को नष्ट किया जाना चाहिए-ट्रंप

उन्होंने कहा कि जलडमरूमध्य को अंतरराष्ट्रीय नौवहन के लिए फिर से खोला जाना चाहिए और सभी समुद्री बारूदी सुरंगों को नष्ट किया जाना चाहिए। ईरान के मुख्य वार्ताकार ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें 'गारंटी या शब्दों’ पर भरोसा नहीं, केवल कदम उठाये जाने पर भरोसा है। उन्होंने इस बात को रेखांकित किया कि अमेरिका और इजराइल ने परमाणु वार्ता के दौरान पिछले एक साल में दो बार ईरान पर हमला किया है, जिस कारण यह अविश्वास बना हुआ है।

हमें मिसाइलों से जवाब मिलता है-बघेर

मोहम्मद बघेर गालिबाफ ने 'एक्स’ पर कहा, 'दूसरी तरफ से कार्रवाई किये जाने से पहले कोई कदम नहीं उठाया जाएगा। हमें बातचीत से नहीं बल्कि मिसाइलों से जवाब मिलता है।' विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने बाद में एक सरकारी प्रसारक को बताया कि समझौते को 'अब तक अंतिम रूप नहीं दिया गया है’।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article