Israel Lebanon Conflict: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने गुरुवार को दावा किया कि इजरायल और लेबनान के बीच 10 दिनों के सीजफायर के लिए सहमति बन गई है। ट्रंप ने बताया कि उनकी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन (Joseph Aoun) और इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू (Benjamin Netanyahu) के साथ बेहद सकारात्मक बातचीत हुई है।
क्या कुछ बोले ट्रंप?
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रूथ' पर एक पोस्ट में कहा, ''अभी-अभी मेरी लेबनान के अत्यंत सम्मानित राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। दोनों देशों के नेताओं ने शांति स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए मंगलवार शाम 5 बजे (EST) से 10 दिन के औपचारिक सीजफायर पर सहमति जताई है।''
यह संघर्षविराम लेबनान में इजरायल और ईरान समर्थित आतंकवादी समूह हिज्बुल्ला के बीच एक महीने से अधिक समय से जारी लड़ाई के बाद हुआ है। लेबनान ने इजरायल और हिज्बुल्ला के बीच लड़ाई रोकने के लिए आगे की बातचीत से पहले सीजफायर पर जोर दिया है। राष्ट्रपति ट्रंप ने इजरायल और लेबनान के नेताओं को 1983 के बाद पहली बार होने वाली उच्च स्तरीय वार्ता के लिए व्हाइट हाउस में आमंत्रित किया।
'9 युद्धों को सुलझाने का अनुभव'
ट्रंप ने बताया कि दोनों देशों के प्रतिनिधि 34 साल में पहली बार वॉशिंगटन डीसी में आमने-सामने मिले, जहां अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो के साथ मुलाकात की।उन्होंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और अन्य लोगों को इजराइल और लेबनान के साथ मिलकर 'स्थायी शांति स्थापित करने' का निर्देश दिया है। उन्होंने दावा किया कि दुनियाभर में 9 युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है और यह मेरा 10वां प्रयास होगा, तो चलिए इसे पूरा करके दिखाते हैं!
लेबनान ने जताया आभार
अंतरराष्ट्रीय समाचार एजेंसी एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप ने जोसेफ आउन से बातचीत की। लेबनानी राष्ट्रपति कार्यालय के मुताबिक, राष्ट्रपति आउन ने सीजफायर की दिशा में प्रयासों के लिए ट्रंप का आभार जताया। लेबनान के प्रधानमंत्री नवाफ सलाम (Nawaf Salam) ने ट्रंप द्वारा घोषित सीजफायर का स्वागत किया है। उन्होंने कहा, ''मैं इस उपलब्धि पर सभी लेबनानी नागरिकों को बधाई देता हूं, लेकिन साथ ही उन शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपनी जान गंवाई है।''
