Tiffany Trump India Visit: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) की बेटी टिफनी ट्रंप इन दिनों भारत के निजी दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने अपने पति माइकल बुलोस (Michael Boulos) के साथ देश के कई प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। हाल ही में दोनों ने राजस्थान के जैसलमेर में स्थित ऐतिहासिक सोनार किले का दौरा किया। उनके साथ भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर भी मौजूद थे। जैसलमेर पहुंचने के बाद टिफनी ट्रंप ने अपने अनुभव को सोशल मीडिया पर साझा किया। उन्होंने भारत यात्रा को बेहद खास बताया और कहा कि यहां का अनुभव यादगार रहा है।
वहीं अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने भी जैसलमेर (Jaisalmer Fort) की तारीफ करते हुए कहा कि राजस्थान की संस्कृति, इतिहास और खूबसूरती वास्तव में अद्भुत है। जैसलमेर में दोनों ने प्रसिद्ध सोनार किले का भ्रमण किया और वहां की ऐतिहासिक विरासत को करीब से देखा। इस दौरान उनके साथ मौजूद पूर्व सरकारी अधिकारी और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े विजय बलानी ने बताया कि टिफनी ट्रंप बेहद सरल स्वभाव की हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति की बेटी होने के बावजूद उनके व्यवहार में किसी तरह का दिखावा नहीं था। किले का भ्रमण करते समय जब उन्हें पता चला कि आज भी कई परिवार इस ऐतिहासिक किले के भीतर रहते हैं, तो वह काफी हैरान हुईं।
ताजमहल का भी किया दीदार
इससे पहले टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस ने आगरा में ताजमहल (Taj Mahal Visit) का भी दौरा किया था। उन्होंने ताजमहल की खूबसूरती की जमकर सराहना की और इसे बेहद शानदार स्मारक बताया। दोनों ने ताजमहल परिसर में काफी समय बिताया और इसकी ऐतिहासिक व वास्तुकला संबंधी विशेषताओं को करीब से देखा। दौरे के दौरान टिफनी और माइकल ने ताजमहल के सामने कई तस्वीरें भी खिंचवाईं। दुनिया के सात अजूबों में शामिल इस स्मारक के आकर्षण ने उन्हें काफी प्रभावित किया। दोनों ने यहां अपने यादगार पलों को कैमरे में कैद किया और भारत की सांस्कृतिक धरोहर का आनंद लिया।
दिल्ली के प्रसिद्ध मंदिर अक्षरधाम का भी दर्शन
भारत यात्रा के दौरान उन्होंने दिल्ली के प्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर (Akshardham Temple) का भी दर्शन किया। टिफनी ट्रंप ने मंदिर की भव्यता और आध्यात्मिक वातावरण की प्रशंसा करते हुए अपने अनुभव को 'अविश्वसनीय' बताया। टिफनी ट्रंप और माइकल बुलोस का यह निजी दौरा भारत की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों को दुनिया के सामने एक बार फिर उजागर कर रहा है। उनकी यात्रा की तस्वीरें और पोस्ट सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं।
