दुनिया

स्विट्जरलैंड में आधी रात चलीं ताबड़तोड़ गोलियां, भगदड़ में 1 की मौत और 5 घायल; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

Switzerland Shooting: उत्तरी स्विट्जरलैंड के आराउ शहर में रविवार तड़के एक रेव पार्टी के दौरान हुई अंधाधुंध गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना एक रेसकोर्स परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई।

Image

स्विट्जरलैंड में रेसकोर्स पर आधी रात खूनी खेल

Photo : AP

Switzerland Shooting: उत्तरी स्विट्जरलैंड के आर्गौ कैंटन की राजधानी आराउ से एक बेहद खौफनाक खबर सामने आई है। रविवार तड़के एक रेव पार्टी के दौरान हुई अचानक गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से कुछ की हालत काफी नाजुक बनी हुई है, जिन्हें तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एपी के मुताबिक यह दिल दहला देने वाली घटना ज्यूरिख से लगभग 46 किलोमीटर पश्चिम में स्थित 'आराउ शाचेन' के एक प्रसिद्ध हॉर्स रेसिंग ट्रैक (रेसकोर्स) में हुई। स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 2:30 बजे, जब 'आराउ रेव' नाम के इस इवेंट में सैकड़ों लोग संगीत की धुनों पर थिरक रहे थे, तभी अचानक अज्ञात हमलावर ने भीड़ पर अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। चश्मदीदों के मुताबिक, फायरिंग होते ही वहां चीख-पुकार और भगदड़ मच गई।

सुरक्षा के लिहाज से आसपास के इलाके भी पूरी तरह सील

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय कैंटोनल पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया और भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी। सुरक्षा के लिहाज से आसपास के इलाकों को पूरी तरह सील कर दिया गया है और स्थानीय स्विमिंग पूल को भी अनिश्चितकाल के लिए बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस ने आम जनता और पर्यटकों से अपील की है कि वे फिलहाल इस इलाके से पूरी तरह दूर रहें।

पुलिस ने घटना का लेकर क्या कहा?

आर्गौ कैंटोनल पुलिस की प्रवक्ता वैनेसा रुम्पोल्ड ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस हमले के पीछे की मुख्य वजह क्या थी। अज्ञात हमलावर घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार होने में कामयाब रहा, जिसकी धरपकड़ के लिए पुलिस ने बड़े पैमाने पर मैनहंट शुरू कर दिया है।

जांच एजेंसी ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी के पास घटना से जुड़ा कोई भी वीडियो या तस्वीर मौजूद हो, तो उसे तुरंत पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर करें ताकि आरोपी तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article