पाकिस्तान में बड़ा बम धमाका हुआ है। बुधवार को पाकिस्तान में बच्चों से भरी एक स्कूल बस को निशाना बनाकर किए गए ब्लास्ट में कम से कम 5 लोगों के मारे जाने की खबर है, जिसमें 3 बच्चे शामिल हैं।। साथ ही 38 घायल हो गए हैं। अभी तक इस हमले की किसी ने भी जिम्मेदारी नहीं ली है।
पाकिस्तान में कहां हुआ धमाका
पाकिस्तानी सेना ने एक बयान में बताया कि यह घटना खुजदार जिले में हुई, जहां स्कूली बच्चों को ले जा रही एक बस को निशाना बनाया गया। सेना ने इस हमले को “कायराना” और “क्रूर” बताते हुए कहा कि इसमें तीन बच्चों और दो वयस्कों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बच्चे घायल हुए हैं। पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक बयान में बताया कि यह विस्फोट कथित रूप से एक वाहन में लगाए गए ‘इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस’ (आईईडी) के जरिए किया गया। ‘डॉन’ अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, खुजदार के उपायुक्त यासिर इकबाल दश्ती ने बताया कि यह विस्फोट ज़ीरो प्वाइंट के पास हुआ, जिसमें 38 लोग घायल हुए हैं।
काफी समय से फैली है हिंसा
ईरान और अफगानिस्तान की सीमा से लगे बलूचिस्तान प्रांत में लंबे समय से उग्रवाद फैला हुआ है। बलूच उग्रवादी गुटों ने पूर्व में भी चीन-पाकिस्तान आर्थिक गलियारा परियोजनाओं को निशाना बनाकर कई हमले किए हैं। स्थानीय बलूच जातीय समूह और राजनीतिक दल लंबे समय से यह आरोप लगाते आ रहे हैं कि संघीय सरकार प्रांत की खनिज संपदा का दोहन कर रही है, जिससे क्षेत्र में असंतोष और हिंसा की स्थिति बनी हुई है।
