दक्षिण अमेरिका के ड्रेक पैसेज में में 7.5 तीव्रता का एक जबरदस्त भूकंप आया, जिसके बाद मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक सुनामी के खतरे का आकलन किया जा रहा है। रिपोर्टों के अनुसार भूकंप से ड्रेक पैसेज (drake passage ) में झटका लगा, जो दक्षिण अमेरिका के दक्षिणी सिरे और अंटार्कटिका के बीच स्थित एक जल निकाय है।
फिलहाल किसी तरह के नुकसान की जानकारी नहीं है। भूकंपीय निगरानी एजेंसियों द्वारा जारी नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 22 अगस्त, 2025 को सुबह 7:46 बजे (UTC+05:30) ड्रेक पैसेज में 7.5 तीव्रता का एक शक्तिशाली भूकंप आया।
पहले भूकंप की तीव्रता लगभग 8 तीव्रता की होने की उम्मीद थी, लेकिन बाद में United States Geological Survey (USGS) ने इसे घटाकर 7.5 तीव्रता कर दिया। वहीं भारत के राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने भूकंप की तीव्रता 7.4 मापी।
भूकंप का केंद्र 60.186° दक्षिण अक्षांश और 61.821° पश्चिम देशांतर पर स्थित था, जिसकी गहराई की आधिकारिक पुष्टि अभी बाकी है। यह क्षेत्र दक्षिण अमेरिका के दक्षिणी सिरे और अंटार्कटिका के बीच स्थित है-एक ऐसा क्षेत्र जो दक्षिण अमेरिकी और अंटार्कटिक प्लेटों के बीच परस्पर क्रिया के कारण महत्वपूर्ण विवर्तनिक गतिविधि (significant tectonic activity) के लिए जाना जाता है।
