दुनिया

Shooting at US : शूटिंग से दहला अमेरिका, गोलीबारी की घटनाओं में 2 बच्चों सहित 9 लोगों की मौत

  • Written by: आलोक कुमार राव
  • Updated Jan 24, 2023, 08:06 AM IST

Shooting At US School : डेस मोइंस पुलिस विभाग के प्रवक्ता पॉल परिजेक ने कहा कि गोलीबारी में दो छात्रों की मौत हुई। घायल तीसरा व्यक्ति स्कूल का कर्मचारी है जिसकी स्थिति नाजुक है।

Image

अमेरिका में गोलीबारी की घटनाएं बार-बार हो रही हैं।

Shooting At US : आयोवा और कैलिफोर्निया में गोलीबारी की भीषण घटनाएं हुई हैं। इन दोनों जगहों पर हुई गोलीबारी में 9 लोगों की मौत हुई है। अमेरिकी मीडिया रिपोर्टों में कहा गया है कि उत्तरी कैलिफोर्निया के हाफ टाउन में गोलीबारी की दो घटनाएं हुई हैं। शूटिंग की इन दो घटनाओं में सात लोगों की मौत हुई है। सैन माटेयो काउंटी के शेरिफ ने कहा है कि संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। अभी फिलहाल लोगों को कोई खतरा नहीं है।

आयोवा के एक स्कूल में शूटिंग हुई है। इस गोलीबारी में दो बच्चों के मारे जाने की खबर है। रिपोर्टों में आयोवा पुलिस के हवाले से कहा गया है कि डेस मोइंस के एक यूथ आउटरीच सेंटर में सोमवार को हुई गोलीबारी में दो लोगों की मौत हुई जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। डेस मोइंस पुलिस विभाग के प्रवक्ता पॉल परिजेक ने कहा कि गोलीबारी में दो छात्रों की मौत हुई। घायल तीसरा व्यक्ति स्कूल का कर्मचारी है जिसकी स्थिति नाजुक है।

पुलिस ने 3 संदिग्धों को हिरासत में लिया

प्रवक्ता ने कहा कि मारे गए दोनों छात्रों के उम्र की जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने कहा कि छात्र किशोर हैं अथवा अडल्ट, इसके बारे में उन्हें पता नहीं है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों से बात की और इसके बाद हमलावरों की तलाश शुरू की। गोलीबारी की इस घटना में पुलिस ने तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है।

गत शनिवार को कैलिफोर्नियां में हुई शूटिंग

बता दें कि गोलीबारी की यह घटना गत शनिवार रात कैलिफोर्निया में हुई शूटिंग के बाद हुई है। एक डांस हॉल में हुई गोलीबारी में 11 लोगों की मौत हुई। यहां एक 71 साल के एशियाई मूल के व्यक्ति ने अंधाधुंध गोलीबारी की। इसके बाद उसने खुद को गोली मार ली।

नाइटक्लब में रविवार देर रात हुई गोलीबारी

लुइसियाना के बैटन रग में एक नाइटक्लब में रविवार देर रात हुई गोलीबारी में 12 लोग घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है, जबकि बाकी की स्थिति स्थिर है। गोलीबारी के सिलसिले में अभी कोई गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस प्रवक्ता सर्जेंट अल जीन मैकनीले जूनियर ने बताया कि गोलीबारी की यह घटना देर रात करीब डेढ़ बजे डायर बार एंड लाउंज में हुई। बैटन रग के मेयर शैरन वेस्टन ब्रूम ने गोलीबारी को ‘हिंसा का निंदनीय कृत्य करार दिया, जिसके दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।’

आलोक कुमार राव
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article