Kazakhstan Plane Crash: कजाकिस्तान से रूस जा रहा एक यात्री विमान अकताऊ में हवाई अड्डे के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में 38 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि अजरबैजान एयरलाइंस एम्ब्रेयर ईआरजे-190 विमान ने अजरबैजान की राजधानी बाकू से रूस के शहर ग्रोंजी के लिए उड़ान भरी थी। बता दें कि कजाकिस्तान में विमान हादसे को लेकर गुरुवार को राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
अजरबैजान एयरलाइंस का विमान रास्ते में एक पक्षी से टकरा गया जिसके बाद बड़ा विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं जिसमें देखा जा सकता है कि किस तरह से विमान सीधे रनवे से जाकर टकरा गया और उसमें आग लग गई।

अजरबैजान प्लेन क्रैश
स्थानीय मीडिया के मुताबिक, इस दुर्घटना की वजह से विमान में आग लग गई। अजरबैजान एयरलाइंस के मुताबिक, विमान में सवार 42 यात्री अजरबैजानी नागरिक थे। इसके अलावा इसमें 16 रूसी नागरिक, कजाखस्तान के छह और किर्गिस्तान के तीन नागरिक भी थे।

अजरबैजान प्लेन क्रैश
रूस की संघीय हवाई परिवहन एजेंसी के एक प्रवक्ता ने कहा कि प्रारंभिक सूचना से पता चलता है कि विमान से एक पक्षी के टकराने के बाद पायलट ने विमान को अकताऊ की ओर मोड़ने का फैसला किया और आपात स्थिति में उसे उतारना पड़ा। सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए कुछ वीडियो में जीवित बचे लोगों को विमान के मलबे से साथी यात्रियों को खींचते हुए देखा जा सकता है।

अजरबैजान प्लेन क्रैश
राष्ट्रपति ने जताया दुख
राष्ट्रपति की प्रेस सेवा ने बताया कि अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव सेंट पीटर्सबर्ग की यात्रा पर थे और वह दुर्घटना की खबर सुनकर अजरबैजान लौट आये। अलीयेव ने सोशल मीडिया पर एक बयान में पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने लिखा कि मैं बहुत दुख के साथ पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
