USA: एक संघीय न्यायाधीश ने ट्रंप प्रशासन को लॉस एंजिलिस सहित कैलिफोर्निया के सात काउंटी में अंधाधुंध आव्रजन कार्रवाई और गिरफ्तारियों पर तुरंत रोक लगाने का आदेश दिया। प्रवासी अधिकार संगठनों ने पिछले हफ्ते एक मुकदमा दायर किया था, जिसमें उन्होंने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन पर आरोप लगाया कि वह दक्षिणी कैलिफोर्निया में आव्रजन अभियान के दौरान नस्ल के आधार पर लोगों को निशाना बना रहा है।
कोर्ट ने आव्रजन संबंधी गिरफ्तारियां रोकने का दिया आदेश
अधिवक्ताओं ने आव्रजन अधिकारियों पर नस्ल के आधार पर लोगों को हिरासत में लेने, बिना वारंट के गिरफ्तारियां करने और लॉस एंजिलिस शहर के एक हिरासत केंद्र में बंदियों को कानूनी सलाह लेने से रोकने का आरोप लगाया है। अमेरिकी आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय की सहायक सचिव ट्रिशिया मैकलॉघलिन ने एक ईमेल में कहा कि ऐसा कोई भी दावा कि कानून प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा किसी व्यक्ति को उसकी नस्ल के कारण निशाना बनाया गया है, घृणित और स्पष्ट रूप से गलत है। न्यायमूर्ति मामी ई. फ्रिमपॉन्ग ने एक अलग आदेश जारी कर संघीय सरकार को यह निर्देश दिया कि वह लॉस एंजिलिस स्थित आव्रजन हिरासत केंद्र में वकीलों को बंदियों से मिलने से न रोके।
दक्षिणी कैलिफोर्निया में लगभग 200 आव्रजक गिरफ्तार: अधिकारी
जानकारी के अनुसार, अमेरिका के संघीय आव्रजन अधिकारियों ने कैलिफोर्निया में भांग (कैनबिस) के दो खेतों पर छापेमारी करके करीब 200 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिन पर देश में अवैध रूप से रहने का संदेह है। संघीय आव्रजन अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह छापेमारी बृहस्पतिवार को की गई थी। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने छापेमारी का विरोध किया, जिसके कारण हालात कुछ देर के लिए तनावपूर्ण हो गए। आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कैलिफ़ोर्निया के कार्पिन्टेरिया और कैमारिलो में आपराधिक तलाशी वारंट पर तामील की और देश में अवैध रूप से रहने के संदेह में कुछ आव्रजकों को गिरफ्तार किया। बयान में कहा गया कि घटनास्थल पर कम से कम 10 बच्चे भी मौजूद थे। मंत्रालय ने कहा कि चार अमेरिकी नागरिकों को अधिकारियों पर हमला करने या उनका विरोध करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। छापेमारी के दौरान कैमारिलो स्थित ‘ग्लास हाउस फ़ार्म्स’ के बाहर लोगों की भीड़ अपने रिश्तेदारों के बारे में जानकारी लेने और आव्रजन प्रवर्तन का विरोध करने के लिए जमा हो गई। कैलिफ़ोर्निया की लाइसेंस प्राप्त भांग उत्पादक कंपनी, ‘ग्लास हाउस’ ने एक बयान में कहा कि आव्रजन एजेंटों के पास वैध वारंट थे। कंपनी ने कहा कि कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया है और वह उन्हें कानूनी प्रतिनिधित्व प्रदान करने में मदद कर रही है। इस फार्म में टमाटर और खीरे भी उगाए जाते हैं। बयान में कहा गया है कि ग्लास हाउस ने कभी भी जानबूझकर नियुक्ति प्रथाओं का उल्लंघन नहीं किया है और न ही कभी नाबालिगों को नौकरी पर रखा है।
