दुनिया

पाकिस्तान से तनातनी ने बीच काबुल पहुंचे भारतीय अधिकारी, तालिबान के विदेश मंत्री से हुई मुलाकात

अफगानिस्तान में भारत के प्रतिनिधि आनंद प्रकाश ने तालिबान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी के साथ मुलाकात कर राजनीतिक और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

Image

अफगानिस्तान के विदेश मंत्री से भारतीय अधिकारी की मुलाकात

Senior Indian diplomat in Kabul: पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान से तनानती ने बीच भारतीय अधिकारी ने काबुल में तालिबान के विदेश मंत्री से मुलाकात की है। मुलाकात ऐसे वक्त पर हुई है जब अफगानिस्तान के पाकिस्तान के साथ रिश्ते निम्न स्तर पर पहुंच गए हैं और भारत के साथ भी पाकिस्तान के रिश्ते में तनाव आ गया है। पाकिस्तान ने इन दिनों देश से अफगानिस्तानियों को निकालने का अभियान चला रखा है।

आनंद प्रकाश ने की तालिबान के विदेश मंत्री से मुलाकात

अफगानिस्तान में भारत के प्रतिनिधि आनंद प्रकाश ने तालिबान के कार्यवाहक विदेश मंत्री आमिर खान मुत्ताकी के साथ मुलाकात कर राजनीतिक और व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। अफगान मीडिया ने रविवार को यह जानकारी दी। टोलो न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार काबुल में हुई बैठक में कार्यवाहक विदेश मंत्री ने भारत के साथ राजनीतिक और आर्थिक संबंधों के विस्तार पर जोर दिया।

खबर में एक अफगान प्रवक्ता के हवाले से कहा गया कि मुत्ताकी ने दोनों देशों के बीच कूटनीतिक और आर्थिक संबंधों को बढ़ाने पर जोर दिया और कहा कि भारतीय निवेशकों को अफगानिस्तान में निवेश के अवसरों का लाभ उठाना चाहिए। विदेश मंत्रालय में पाकिस्तान, अफगानिस्तान और ईरान के लिए प्रभाग का नेतृत्व करने वाले संयुक्त सचिव प्रकाश की यह यात्रा पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच हो रही है। यह ज्ञात नहीं है कि प्रकाश और मुत्ताकी के बीच वार्ता में इस मुद्दे पर चर्चा हुई या नहीं।

भारत ने अभी तक तालिबान शासन को नहीं दी मान्यता

बता दें कि भारत ने अभी तक अफगानिस्तान में तालिबान शासन को मान्यता नहीं दी है और वह काबुल में समावेशी सरकार के गठन की वकालत कर रहा है, साथ ही इस बात पर जोर दे रहा है कि अफगानिस्तान की धरती का इस्तेमाल किसी भी देश के खिलाफ आतंकवादी गतिविधियों के लिए नहीं किया जाना चाहिए। भारत अफगानिस्तान में मानवीय संकट को दूर करने के लिए उसे निर्बाध मानवीय सहायता देने के भी पक्ष में है।

जून 2022 में भारत ने अफगानिस्तान की राजधानी में अपने दूतावास में एक तकनीकी टीम तैनात करके काबुल में अपनी राजनयिक उपस्थिति फिर से स्थापित की। अगस्त 2021 में तालिबान द्वारा सत्ता पर कब्ज़ा करने के बाद भारत ने अपने अधिकारियों को सुरक्षा संबंधी चिंताओं के चलते दूतावास से वापस बुला लिया था।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article