दुनिया

ऑस्ट्रेलिया में रॉटनेस्ट द्वीप के पास सीप्लेन हुआ हादसे का शिकार, पायलट सहित तीन की मौत, तीन घायल

इस विमान में कुल सात लोग सवार थे। महज एक यात्री है जिसे कोई चोट नहीं आई है। ‘स्वान रिवर सीप्लेन्स’ के स्वामित्व वाला यह विमान रॉटनेस्ट द्वीप से पर्थ लौट रहा था।

Image

ऑस्ट्रेलिया में सीप्लेन दुर्घटना (Photo- X)

Seaplane crashes in Australian: ऑस्ट्रेलिया के रॉटनेस्ट द्वीप के पास एक विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने से दो पर्यटकों सहित तीन लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि मंगलवार दोपहर को द्वीप से उड़ान भरने के दौरान विमान ‘सेसना 208 कारवां’ (Cessna 208 Caravan) दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिसमें सात लोग सवार थे। उसने बताया कि महज एक यात्री है जिसे कोई चोट नहीं आई है। ‘स्वान रिवर सीप्लेन्स’ के स्वामित्व वाला यह विमान रॉटनेस्ट द्वीप से पर्थ लौट रहा था।

पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया राज्य के प्रमुख रोजर कुक ने बताया कि मृतकों में स्विट्जरलैंड की 65 वर्षीय पर्यटक (महिला), डेनमार्क का 60 वर्षीय पर्यटक (पुरुष) और पर्थ का एक निवासी शामिल है। यह व्यक्ति विमान का पायलट था। कुक ने कहा कि दुर्घटना की वजह का फिलहाल पता नहीं चल सका है।

पीएम अल्बानीज ने जताया शोक

पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया राज्य के पुलिस कमिश्नर कर्नल ब्लांच ने बताया कि घायलों को गंभीर चोट नहीं आई है। इस दुर्घटना की जांच कर रहे ऑस्ट्रेलियन ट्रांसपोर्ट सेफ्टी ब्यूरो ने कहा कि विशेष अधिकारियों को घटनास्थल पर भेजा जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीस ने इन घटना को भयावह बताया। अल्बानीज ने एबीसी टेलीविजन को बताया, आज सुबह उठते ही सभी आस्ट्रेलियाई लोगों ने तस्वीरें देखी होंगी। इसमें शामिल सभी लोगों के प्रति मेरी संवेदना है।

पर्यटक ने देखा हादसा

रॉटनेस्ट पर छुट्टियां मना रहे पर्यटक ग्रेग क्विन ने कहा कि उन्होंने विमान दुर्घटना देखी। क्विन ने पर्थ में ऑस्ट्रेलियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्प रेडियो को बताया, हम सीप्लेन को उड़ान भरते हुए देख रहे थे और जैसे ही वह पानी से उतरने लगा, वह पलट गया और दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पानी में बहुत से लोग अपनी नावों पर सवार होकर घटनास्थल की ओर दौड़े और मुझे लगता है कि वे वास्तव में, बहुत जल्दी वहां पहुंच गए। अधिकारियों ने कहा कि तीन घायल लोगों को गंभीर लेकिन स्थिर स्थिति में पर्थ अस्पताल ले जाया गया।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article