दुनिया

होर्मुज में सऊदी ऑयल टैंकर पर हमला, 2 क्रू मेंबर्स की मौत; सऊदी ने ईरान को ठहराया जिम्मेदार

सऊदी अरब ने ईरान पर होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे उसके तेल टैंकर ‘सिद्र’ को निशाना बनाने का आरोप लगाया है, जिसमें चालक दल के कुछ सदस्यों की मौत हुई। कतर और कुवैत ने भी घटना की निंदा की है।

Image

होर्मुज जलडमरूमध्य (File Photo)

Photo : AP

सऊदी अरब ने ईरान पर उसके तेल टैंकर ‘सिद्र (Sidr)’ को होर्मुज जलडमरूमध्य में निशाना बनाने का आरोप लगाया है। सऊदी विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस हमले में टैंकर के चालक दल के कुछ सदस्यों की मौत हुई है। सऊदी अरब ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव पर चिंता जताई है।

सऊदी अरब ने कहा कि ईरान की ओर से जॉर्डन, बहरीन और कुवैत पर किए गए हमलों की भी वह निंदा करता है। रियाद ने इन देशों के साथ एकजुटता जताते हुए कहा कि उन्हें अपनी संप्रभुता और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाने का अधिकार है।

समुद्री रास्तों की सुरक्षा पर जोर

सऊदी विदेश मंत्रालय ने कहा कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज जैसे महत्वपूर्ण समुद्री रास्तों की सुरक्षा बेहद जरूरी है। यह मार्ग वैश्विक तेल और ऊर्जा आपूर्ति के लिए अहम माना जाता है। मंत्रालय ने अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर, देशों की संप्रभुता और समुद्री यातायात की स्वतंत्रता का सम्मान करने की अपील की। सऊदी अरब ने सभी पक्षों से अधिकतम संयम बरतने, सैन्य तनाव को तुरंत रोकने और विवादों का समाधान कूटनीतिक बातचीत के जरिए करने का आग्रह किया।

कतर ने भी की हमले की निंदा

सऊदी टैंकर ‘सिद्र’ पर कथित हमले के बाद कतर ने भी ईरान की कार्रवाई की निंदा की है। कतर के विदेश मंत्रालय ने कहा कि टैंकर को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानून और समुद्री यातायात की स्वतंत्रता का उल्लंघन है। दोहा ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को दबाव बनाने के साधन के रूप में इस्तेमाल करने का विरोध किया और इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग को तुरंत और बिना किसी शर्त के खोलने की मांग की। कतर ने सऊदी अरब के साथ एकजुटता जताते हुए कहा कि वह अपने हितों और संपत्तियों की सुरक्षा के लिए रियाद की ओर से उठाए जाने वाले कदमों का समर्थन करता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article