दुनिया

ऋषि सुनक ने की एस जयशंकर की मेजबानी, विदेश मंत्री ने पीएम मोदी की तरफ से दी दिवाली की शुभकामनाएं

  • Edited by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 13, 2023, 07:59 AM IST

अपने ब्रिटेन प्रवास के दौरान जयशंकर लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान में एक कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं और सोमवार को उनके लंदन में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित दिवाली स्वागत समारोह को संबोधित करने की संभावना है।

Image

(Photo - X)

S Jaishankar Meets Rishi Sunak : ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति ने रविवार को डाउनिंग स्ट्रीट में दिवाली पर चाय के लिए विदेश मंत्री एस जयशंकर और उनकी पत्नी क्योको जयशंकर की मेजबानी की। जयशंकर ने ट्विटर पर कहा, दिवाली के दिन प्रधानमंत्री ऋषि सुनक से मुलाकात करके खुशी हुई। प्रधानमंत्री मोदी की तरफ से उन्हें शुभकामनाएं दीं। भारत और ब्रिटेन मौजूदा समय के दौरान संबंधों को नए सिरे से मजबूत करने में सक्रिय हैं।

ब्रिटिश पीएम सुनक को दिया धन्यवाद

उन्होंने प्रधानमंत्री सुनक और उनकी पत्नी को उनके गर्मजोशी भरे स्वागत और शानदार आतिथ्य के लिए धन्यवाद दिया। जयशंकर द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा करने और मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई गति देने के उद्देश्य से ब्रिटेन के पांच-दिवसीय दौरे पर लंदन पहुंचे हैं। इससे पहले विदेश मंत्री ने रविवार को ट्विटर पर पोस्ट किया, दीपावली के पावन अवसर पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं। आशा है कि रोशनी का यह त्योहार सभी के जीवन को प्रकाशित करेगा एवं शांति, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य लाएगा।

सुनक की भारत यात्रा पर हो सकती है चर्चा

अपने ब्रिटेन प्रवास के दौरान जयशंकर लॉर्ड्स क्रिकेट मैदान में एक कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं और सोमवार को उनके लंदन में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित दिवाली स्वागत समारोह को संबोधित करने की संभावना है। वह अगले सप्ताह ‘एक अरब लोग दुनिया को कैसे देखते हैं’ विषय पर चर्चा में शामिल हो सकते हैं। जयशंकर अपने ब्रिटिश समकक्ष जेम्स क्लेवर्ली के साथ बातचीत करेंगे। उम्मीद की जा रही है कि इस बातचीत में ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की अगले कुछ महीनों में होने वाली संभावित भारत यात्रा के संबंध में तैयारियों पर चर्चा की जाएगी।

भारत और ब्रिटेन के द्विपक्षीय संबंध बढ़ रहे

इससे पहले, भारतीय विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा था कि भारत और ब्रिटेन के द्विपक्षीय संबंध बढ़ रहे हैं। इस यात्रा के दौरान विदेश मंत्री अपने ब्रिटिश समकक्ष सर जेम्स क्लेवर्ली और अन्य गणमान्य लोगों के साथ मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय ने दोनों देशों के रिश्तों को मधुर और प्रगतिशील बताया। भारत-ब्रिटेन व्यापक रणनीतिक साझेदारी की शुरुआत 2021 में की गई और इसके तहत भारत-ब्रिटेन कार्ययोजना-2030 पर हस्ताक्षर किया गया था, जिसका उद्देश्य कई क्षेत्रों में संबंधों का विस्तार करना है। विदेश मंत्रालय ने कहा था कि कार्ययोजना में एक ऐसी साझेदारी के प्रति प्रतिबद्धता जताई गई है, जो दोनों देशों के लिए फायदेमंद साबित होगी। विदेश मंत्री के दौरे से दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई गति मिलेगी।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article