Modi-Putin Meet: रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में चीन में मुलाकात की थी। इस दौरान दोनों के बीच गहरी दोस्ती दिखी। दूसरी ओर दोनों कार में सवारी करते भी नजर आए। इस बीच पुतिन ने खुलासा किया है कि उन्होंने चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन से इतर लिमोजिन कार में यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ अलास्का में हुई अपनी हालिया मुलाकात के बारे में जानकारी दी।
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ पीएम मोदी (फोटो साभार: PTI)
पुतिन की रूस निर्मित ऑरस लिमोजिन से दोनों नेताओं की तस्वीरें भी सामने आईं थीं। दोनों नेताओं ने उच्च-स्तरीय बैठक के बीच कुछ पल निजी तौर पर बिताए, जिसके वीडियो, फोटोज इंटरनेट पर वायरल रहे।
रूसी समाचार एजेंसी TASS के अनुसार, चीन में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुतिन ने कहा, 'यह कोई रहस्य नहीं है, मैंने उन्हें (मोदी को) बताया कि हमने अलास्का में क्या बात की थी।
बता दें कि हाल ही में 25वां SCO शिखर सम्मेलन संपन्न हुआ है। जहां प्रधानमंत्री मोदी के साथ पुतिन की कार यात्रा चर्चा का विषय बन गई। अब जहां कार में क्या बातचीत हुई, इसपर पुतिन ने भी खुलासा कर दिया है।
पुतिन और ट्रंप की बातचीत
रूसी राष्ट्रपति ने अलास्का में ट्रंप के साथ अपनी बैठक के बारे में भी नई जानकारी दी और इसे एक छोटी लेकिन बेहतरीन बातचीत बताया।
पुतिन ने आगे कहा, 'जाहिर है, हमने अंग्रेजी में बात की. टूटी-फूटी अंग्रेजी। राष्ट्रपति ट्रंप से मेरी बातचीत बहुत सीमित रही क्योंकि यह सफर सिर्फ 30 सेकंड का था। मैंने उनसे कहा कि उन्हें स्वस्थ देखकर मुझे खुशी हुई। यह एक छोटी-सी बातचीत थी।'
पीएम मोदी ने पुतिन संग यात्रा पर क्या कहा?
बाद में प्रधानमंत्री मोदी ने भी इस पल को X पर पोस्ट के जरिए साझा किया। प्रधानमंत्री मोदी ने पोस्ट किया, 'SCO शिखर सम्मेलन के बाद, राष्ट्रपति पुतिन और मैं द्विपक्षीय बैठक स्थल तक साथ-साथ गए. उनके साथ बातचीत हमेशा ज्ञानवर्धक होती है।'
पुतिन ने किया पीएम मोदी का इंतजार
खबरों के अनुसार, राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी के वाहन में बैठने से पहले लगभग 10 मिनट तक उनका इंतजार किया। होटल तक उनकी यात्रा, जो लगभग 15 मिनट तक चली, वह एक लंबी बातचीत में बदल गई। आगमन पर सीधे बैठक कक्ष में जाने के बजाय, दोनों नेता लंबी चर्चा के लिए कार के अंदर ही रहे।
