दुनिया

भारत एक राष्ट्र के रूप में मजबूत हो रहा है- अजीत डोभाल के साथ मीटिंग के दौरान बोले रूसी राष्ट्रपति पुतिन

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अजीत डोभाल के साथ मुलाकात के दौरान कहा कि हम कज़ान में पीएम मोदी की प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 22 अक्टूबर को कज़ान में एक द्विपक्षीय बैठक आयोजित करने का प्रस्ताव वो दे रहे हैं।

Image

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिले अजीत डोभाल (फोटो- @RusEmbIndia)

KEY HIGHLIGHTS
  • पुतिन से मिले अजीत डोभाल
  • पुतिन ने की पीएम मोदी की जमकर तारीफ
  • रूस दौरे पर सेंट पीटर्सबर्ग में है डोभाल

भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल इन दिनों रूस के दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान अजीत डोभाल ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की है। पुतिन ने इस मीटिंग के दौरान भारत और पीएम मोदी की जमकर तारीफ की है।

भारत की जमकर तारीफ

पुतिन ने सेंट पीटर्सबर्ग में भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल के साथ अपनी बैठक के दौरान भारत की जमकर तारीफ की। रूसी राष्ट्रपति ने कहा, "हमारी विशेष रणनीतिक साझेदारी गति पकड़ रही है, मजबूत हो रही है, जिसे लेकर हम खुश हैं। हम खुश हैं कि भारत एक राष्ट्र के रूप में मजबूत हो रहा है और उसकी अर्थव्यवस्था विकसित हो रही है। यह सफलता प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मिली है।"

पीएम मोदी के साथ मुलाकात को किया याद

इस वर्ष जुलाई में प्रधानमंत्री मोदी के मॉस्को दौरे को याद करते हुए पुतिन ने कहा कि वह ऐतिहासिक यात्रा "बहुत सफल" रही, इसके बाद जो काम हुआ वह "बहुत सार्थक ढंग से और ठीक उसी गति से आगे बढ़ रहा है" जिस पर प्रधानमंत्री मोदी और उन्होंने सहमति जताई थी। पुतिन ने कहा, "सुरक्षा मुद्दे हमेशा से हमारी प्राथमिकताओं में रहे हैं और रहेंगे। सेंट पीटर्सबर्ग आने के लिए हम आपके आभारी हैं। पिछले साल, यह बैठक मास्को में हुई थी। भारतीय पक्ष की ओर से इस वार्ता का समर्थन करने के लिए हम आभारी हैं।"

क्या बोले डोभाल

एनएसए डोभाल ने अपने संबोधन में व्यक्तिगत रूप से मुलाकात का "दुर्लभ अवसर" प्रदान करने के लिए रूसी राष्ट्रपति को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, "जैसा कि प्रधानमंत्री ने टेलीफोन पर बातचीत के दौरान आपसे कहा, वह आपको यूक्रेन की अपनी यात्रा और जेलेंस्की के साथ अपनी बैठक के बारे में बताने के लिए तैयार हैं। वह चाहते थे कि मैं व्यक्तिगत रूप से आऊं और आपको इस बारे में बताऊं। यह बातचीत बंद प्रारूप में हुई थी, केवल दोनों नेता मौजूद थे और मैं प्रधानमंत्री के साथ था, मैं इस बातचीत का साक्षी हूं।"

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article