Russian Officer Lev Stupnikov Ukraine Intelligence: रूस और यूक्रेन युद्ध के बीच एक सनसनीखेज दास्तान सामने आई है। रूसी सेना के 26 वर्षीय सिग्नल अधिकारी लेव स्तूपनिकोव (Lev Stupnikov) ने अपनी ही सेना से गद्दारी करते हुए यूक्रेन को गुप्त युद्ध योजनाओं और सैन्य ठिकानों की सटीक जानकारी दी। द वॉल स्ट्रीट जर्नल (WSJ) की रिपोर्ट के अनुसार, स्तूपनिकोव की दी गई खुफिया जानकारी (Intelligence) के कारण लगभग 300 रूसी सैनिक मारे गए या घायल हुए, जिसके बाद वे भागकर कीव पहुंच गए और अब रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की सरकार के खिलाफ लड़ रही एक इकाई का हिस्सा हैं।
Russia-Ukraine War: कौन हैं वो रूसी अफसर, जिसने मरवा दिए अपने ही 300 सैनिक और भाग गया यूक्रेन? रूसी पत्नी बोली- गद्दारी की
कैसे स्तूपनिकोव ने यूक्रेन को रूसी सैनिकों पर हमला करने में मदद की?
बुदियोनी मिलिट्री एकेडमी ऑफ सिग्नल कॉर्प्स (Budyonny Military Academy) से स्नातक लेव स्तूपनिकोव डोनबास क्षेत्र के वुहलेदार (Vuhledar) पर कब्जा करने में लगी एक रूसी बटालियन के मुख्य सिग्नल अधिकारी थे। उनका काम कमांडरों को उनकी इकाइयों से जोड़े रखना और निगरानी प्रणालियों (Surveillance Systems) से इनपुट प्राप्त करना था।
हालांकि, इस पद का फायदा उठाते हुए उन्होंने गुप्त रूप से रूसी ठिकानों, सैन्य गतिविधियों, ड्रोन फीड और पूर्व-निर्धारित रणनीतियों की सटीक जानकारी यूक्रेनी खुफिया एजेंसी को भेज दी।
हमले का मास्टरमाइंड: पूर्वी यूक्रेन में एक सुबह स्तूपनिकोव ने पेट दर्द (Stomach Cramps) का बहाना बनाया और अपने साथी सैनिकों की नज़र से दूर हो गए। इसके तुरंत बाद, उनके द्वारा साझा किए गए सटीक निर्देशांकों (Coordinates) पर यूक्रेनी मिसाइलें आ गिरीं।
भारी नुकसान: इस हमले में 68 रूसी सैनिक मारे गए और 60 अन्य घायल हो गए। इस हमले में कीव के मुख्य लक्ष्य कर्नल गुसेन मुसायेव (Colonel Gusein Musayev) की भी मौत हो गई।
चैट का खुलासा: हमले के बाद यूक्रेनी संपर्क ने उन्हें संदेश भेजकर पूछा, 'क्या विस्फोट हुए? फोटो भेजो।' इस पर स्तूपनिकोव ने जवाब दिया, 'वहां बस मांस (शव) बिखरा पड़ा है।'
क्यों उठाया यह कदम?
स्तूपनिकोव के अनुसार, फरवरी 2022 में यूक्रेन पर रूस के पूर्ण आक्रमण (Full-Scale Invasion) और निर्दोष नागरिकों पर बमबारी के दृश्यों ने उन्हें हिलाकर रख दिया। वे अंदर ही अंदर पुतिन सरकार के खिलाफ हो गए थे।
रूस-यूक्रेन युद्ध कई सालों से जारी
उनकी मां तातियाना यांतसेन (Tatiana Yantsen) भी पुतिन विरोधी थीं। फरवरी 2024 में उनकी मां ने दिमित्रो कार्पेंको (Dmytro Karpenko) नामक एक कंप्यूटर प्रोग्रामर से संपर्क किया जो यूक्रेनी खुफिया एजेंसी से जुड़ा था। जुलाई 2024 में स्तूपनिकोव अपनी रूसी यूनिट से भागकर उत्तर में यूक्रेनी ठिकानों की ओर चले गए और बाद में रूसी वालंटियर कॉर्प्स (RVC) में शामिल हो गए- यह यूक्रेनी सेना की एक ऐसी इकाई है जिसमें पुतिन सरकार के खिलाफ लड़ने वाले एथनिक रूसी शामिल हैं।
अपनी सैन्य शपथ (Oath) पर सवाल पूछे जाने पर स्तूपनिकोव ने कहा, 'क्या मैंने अपनी शपथ तोड़ी? मैंने स्वतंत्रता, स्वायत्तता और संवैधानिक व्यवस्था की रक्षा करने की प्रतिज्ञा ली थी। लेकिन पुतिन ने इन तीनों को नष्ट कर दिया।' हालांकि, इस कदम की वजह से उन्हें भारी व्यक्तिगत कीमत चुकानी पड़ी और उनकी पत्नी ने उन्हें मॉस्को व अपनी शादी से विश्वासघात करने का दोषी ठहराते हुए उनसे सारे संबंध तोड़ लिए।
