Russia tested new Intermediate-Range Missile: रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा है कि उनके देश ने यूक्रेन पर हमले में मध्यवर्ती रेंज की एक नयी मिसाइल का परीक्षण किया। उन्होंने चेतावनी दी कि यूक्रेन को जिन देशों ने अपनी मिसाइल रूस के खिलाफ दागने की अनुमति दी है, उनके विरूद्ध मास्को अपनी नयी मिसाइलों का इस्तेमाल कर सकता है।
'रूस ने यूक्रेन पर हमले में मध्यवर्ती रेंज की नयी मिसाइल का परीक्षण किया'
हमले को लेकर व्लादिमीर पुतिन ने कर दी ये बड़ी घोषणा
पुतिन ने टेलीविजन पर प्रसारित अपने संबोधन में कहा कि बृहस्पतिवार को यूक्रेन पर किया गया रूसी हमला, इस हफ्ते की शुरूआत में अमेरिकी और ब्रिटिश मिसाइलों से रूसी क्षेत्र पर किये गए यूक्रेन के हमलों के जवाब में किया गया। उन्होंने घोषणा की कि रूस अन्य देशों पर हमले से पहले नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए अग्रिम चेतावनी जारी करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिकी वायु रक्षा प्रणाली रूसी मिसाइलों को रोकने में सक्षम नहीं होगी।
रूस ने यूक्रेन के एक शहर पर दागी बैलिस्टिक मिसाइल
यूक्रेन ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि रूस ने रात में उसके एक शहर पर अंतरमहाद्वीपीय बैलिस्टिक मिसाइल दागी। वहीं, अमेरिकी अधिकारियों ने कहा है कि प्रारंभिक आकलन से संकेत मिलता है कि यह हमला मध्यम दूरी की बैलिस्टिक मिसाइल से किया गया था।
अमेरिका पर जमकर बरसे रूस के राष्ट्रपति पुतिन
पुतिन ने वादा किया कि जब ओरेशनिक जैसे हथियार फिर से लॉन्च किए जाएंगे, तो वे नागरिकों को पहले ही सूचित कर देंगे। पुतिन ने अमेरिका पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि "अमेरिका दुनिया को वैश्विक संघर्ष की ओर धकेल रहा है।" पुतिन ने घोषणा की कि रूस की नई "ओरेशनिक" मिसाइलों को पश्चिमी प्रणालियों द्वारा रोका नहीं जा सकता। मिसाइलें मैक 10 की गति से चलती हैं जो 3 किमी प्रति सेकंड है।
