दुनिया

यूक्रेन पर रूस ने दागीं दर्जनों मिसाइलें; हमले में 16 की मौत, 100 से अधिक व्यक्ति घायल

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने यूक्रेन के खिलाफ हवाई अभियान तेज कर दिया है। हाल ही में रूसी सेना ने चार साल से जारी युद्ध में तीसरी बार शक्तिशाली हाइपरसोनिक ओरेशनिक बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया।

Image

रूस-यूक्रेन युद्ध

दुनिया के दो हिस्सों में जंग है कि खत्म ही नहीं हो रही। एक ओर ईरान और इजरायल और अमेरिका के बीच तनाव खत्म नहीं हो रहा। वहीं दूसरी ओर रूस यूक्रेन पर लगातार हमले कर रहा है। बीती रात रूस ने यूक्रेन के कीव और दूसरे शहरों पर सैकड़ों ड्रोन व दर्जनों मिसाइलों से हमला किया। इसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 100 से अधिक व्यक्ति घायल हो गए।

रूस ने यूक्रेन में दागे 73 मिसाइलें और 656 ड्रोन

आपातकालीन सेवाओं के अनुसार राजधानी कीव में कम से कम 64 लोग घायल हुए हैं। यूक्रेनी वायु सेना के अनुसार रूस ने पूरे यूक्रेन में 73 मिसाइलें और 656 ड्रोन दागे। इस दौरान उनका मुख्य लक्ष्य कीव,मध्य यूक्रेन का ड्नीप्रो शहर और पूर्वी शहर पोल्टावा, खार्किव तथा जापोरिज्जिया थे। यूक्रेनी वायु रक्षा बलों ने 40 मिसाइलों और 602 ड्रोन को नष्ट या निष्क्रिय कर दिया।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सेना ने कीव, जापोरिज्जिया, खार्किव, ड्नीप्रोपेत्रोव्स्क, पोल्टावा, खमेल्नित्स्की और सूमी क्षेत्रों में सैन्य-औद्योगिक प्रतिष्ठानों पर लंबी दूरी के सटीक हथियारों से बड़ा हमला किया।

रूस ने दी थी बड़े हमले की चेतावनी

रूस की ओर से बड़े हवाई हमले की चेतावनी दिए जाने और विदेशी राजनयिकों को यूक्रेन की राजधानी कीव छोड़ने की सलाह दिए जाने के बाद से शहर के निवासी कई दिन से चिंतित थे। हालांकि किसी भी राजनयिक ने इस चेतावनी पर ध्यान नहीं दिया।

जेलेंस्की ने दुनिया से मांगी मदद

हमले पर प्रतिक्रिया देते हुए यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि रूस के इस व्यापक हमले से साफ है कि अगर यूक्रेन को बैलिस्टिक और अन्य मिसाइल हमलों से सुरक्षा नहीं दी गई,तो ये हमले जारी रहेंगे। उन्होंने अमेरिका और यूरोपीय देशों से अधिक समर्थन की अपील की।

पुतिन नहीं रोकेंगे हमले

वहीं, पुतिन ने संकेत दिया है कि रूस हमले नहीं रोकेगा। उन्होंने मंगलवार को कहा कि 22 मई को रूस के नियंत्रण वाले लुहान्स्क क्षेत्र के स्टारोबिल्स्क में एक कॉलेज छात्रावास पर यूक्रेन के ड्रोन हमले ने युद्ध को पूरी तरह नया आयाम दे दिया है। उस हमले में 21 लोग मारे गए थे। इसे लेकर यूक्रेन का कहना है कि उसने स्टारोबिल्स्क में रूसी ड्रोन पायलट प्रशिक्षण केंद्र को निशाना बनाया था।

रूस की है ये रणनीति

रूस की रणनीति यूक्रेन में अमेरिका निर्मित पैट्रियट मिसाइलों की कमी का फायदा उठाने की है। ईरान युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय भंडार भी कम हो गए हैं। इसकी वजह से रूसी बैलिस्टिक मिसाइल हमलों से लोगों का बचाव मुश्किल हो गया है,हालांकि यूक्रेनी वायु रक्षा प्रणाली अधिकांश ड्रोन हमलों को विफल कर रही है।

Shiv Shukla
शिव शुक्ला author

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभ... और देखें

End of Article