दुनिया

संकट में घिरे ऋषि सुनक, PM की कुर्सी पर मंडरा रहा खतरा, अपनी ही पार्टी की सांसद ने घेरा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Nov 14, 2023, 01:23 PM IST

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन को बर्खास्त कर दिया है जिसके बाद पार्टी में दोबारा संकट का दौर शुरू हो गया है।

Image

संकट में ऋषि सुनक

Photo : AP

Rishi Sunak: कैबिनेट फेरबदल में गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन को बर्खास्त करने के बाद ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक संकट में घिर गए हैं। उन्हें अपने पहले अविश्वास पत्र का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन की वफादार टोरी सांसद एंड्रिया जेनकिन्स ने सुनक की जगह किसी वास्तविक कंजर्वेटिव पार्टी नेता को नियुक्त करने का आह्वान किया है। इसके बारे में उन्होंने ट्विटर पर अपने विचार रखे और अपना पत्र साझा करते हुए लिखा, बहुत हो गया... ऋषि सुनक के जाने का समय आ गया है...।

सांसद ने सुनक को ठहराया दोषी

जेनकिन्स ने लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित नेता बोरिस जॉनसन से छुटकारा पाने के लिए भी सुनक को दोषी ठहराया, जिन्होंने संसद में गतिरोध के दौरान ब्रेक्सिट के लिए बहादुरी से लड़ाई लड़ी थी। ब्रेवरमैन की बर्खास्तगी की खबर आने के तुरंत बाद टोरी सांसद भी सोशल मीडिया में अपने विचार रखने लगे हैं। उन्होंने लंदन में हाल ही में फिलीस्तीन समर्थक प्रदर्शनों के मार्च को संभालने में पुलिस के पक्षपात पर ब्रेवरमैन की टिप्पणी के जवाब में ट्विटर पर लिखा, उन्हें सच बोलने के लिए बर्खास्त किया गया। ऋषि ने गलत फैसला लिया है।

गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन को बर्खास्त किया

बता दें कि 13 नवंबर को ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने गृह मंत्री सुएला ब्रेवरमैन को बर्खास्त कर दिया था जिन्होंने पुलिस पर फलस्तीन समर्थक प्रदर्शनकारियों के प्रति बहुत अधिक नरमी बरतने का आरोप लगाया था। सुएला ने एक अखबार को दिए इंटरव्यू में कहा था कि इजराइल और हमास युद्ध को लेकर लंदन की सड़कों पर चल रहे विरोध प्रदर्शन से पुलिस को सख्ती से निपटना चाहिए। पुलिस इस मामले पर नरमी बरत रही है। इस बयान के बाद सुएला की काफी आलोचना हुई थी।

डेविड कैमरन बने विदेश मंत्री

सुएला की बर्खास्तगी के बाद एक चौंकाने वाले कदम के तहत पूर्व पीएम डेविड कैमरन को विदेश मंत्री की कमान सौंपी गई है। सुएला ने मार्च में हुई हिंसा के दौरान पुलिस के दंगाइयों से निपटने के तरीके पर सवाल उठाए थे। सुएला ब्रेवरमैन ने कहा था कि पुलिस को प्रदर्शनकारियों के साथ और सख्ती बरतनी चाहिए थी। उनके बयान के बाद सुनक सरकार पर सुएला को हटाने का दबाव बन रहा था।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article