लाहौर: इमरान खान के भांजे और अलीमा खान के बेटे शाहरेज़ खान को गुरुवार को लाहौर स्थित उनके घर से हथियारबंद लोगों ने उठा लिया। शुरुआत में PTI ने इसे अगवा बताया, लेकिन बाद में पुलिस ने पुष्टि की कि शाहरेज़ को 9 मई के मामलों में गिरफ्तार किया गया है।
DIG इन्वेस्टिगेशन ज़ीशान रज़ा ने बयान में कहा कि देश-विरोधी गतिविधियों में शामिल लोगों के लिए कोई रियायत नहीं हो सकती। हालांकि, पुलिस जबकि पुष्टि कर रही है लेकिन पीएम के सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने जियो न्यूज के प्रोग्राम में कहा कि लाहौर पुलिस प्रमुख ने अलीमा खान के बेटे की गिरफ्तारी से इनकार किया है।
परिवार ने लगाया अगवा करने का आरोप
शाहरेज़ के पिता सोहेल खान ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मैं कमरे में था जब शाहरेज़ की पत्नी रोती हुई आई और बताया कि पाँच हथियारबंद लोग उन्हें ले गए। वे एक काली गाड़ी में आए थे, जिस पर दो पुलिस के निशान थे। उन्होंने दरवाज़ा नहीं खटखटाया और मुझे रोकने पर मारा पीटा।” परिवार का कहना है कि यह कार्रवाई उनके बच्चों के सामने की गई, जिसमें घर की चारदीवारी और परदेदारी का उल्लंघन हुआ।
PTI ने गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया
PTI का कहना है कि शाहरेज़ का राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है और उनकी गिरफ्तारी गैरकानूनी है। पार्टी ने सुप्रीम कोर्ट से तुरंत हस्तक्षेप की मांग की है। इस पूरे घटनाक्रम के बीच अलीमा खान एक बार फिर सुर्खियों में हैं। वह अपने भाई और पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की रिहाई की पुरजोर मांग कर रही हैं। अलीमा अक्सर पार्टी की शीर्ष नेतृत्व से टकराव की स्थिति में भी आई हैं और खुलकर बयान देती रही हैं। अब उनके बेटे की गिरफ्तारी ने एक बार फिर उन्हें राजनीतिक बहस के केंद्र में ला दिया है। (इनपुट -हिमांशु पुरोहित)
