दुनिया

प्रधानमंत्री मोदी 21 सितंबर से अमेरिका का तीन दिवसीय दौरा करेंगे, क्वाड बैठक में लेंगे हिस्सा

PM Modi US Visit: विदेश मंत्रालय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 सितंबर को डेलवेयर के विलमिंगटन में क्वाड लीडर्स समिट में शामिल होंगे। इसकी मेजबानी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन करेंगे। वह 23 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा में समिट ऑफ द फ्यूचर को संबोधित करेंगे।

Image

21 सितंबर से तीन दिवसीय अमेरिका दौरा करेंगे पीएम मोदी।

PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वार्षिक क्वाड शिखर बैठक में शामिल होने और संयुक्त राष्ट्र महासभा में समिट ऑफ द फ्यूचर को संबोधित करने के लिए 21 सितंबर से अमेरिका का तीन दिवसीय दौरा करेंगे। विदेश मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि मोदी 22 सितंबर को न्यूयॉर्क में भारतीय समुदाय के लोगों को भी संबोधित करेंगे।

विदेश मंत्रालय ने प्रधानमंत्री की यात्रा की घोषणा करते हुए कहा कि मोदी 21 सितंबर को डेलवेयर के विलमिंगटन में क्वाड लीडर्स समिट में शामिल होंगे, जिसकी मेजबानी अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन करेंगे। इसमें आस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और उनके जापानी समकक्ष फुमियो किशिदा भी शामिल होंगे। इस साल क्वाड शिखर बैठक की मेजबानी करने की बारी भारत की थी। लेकिन वाशिंगटन के अनुरोध के बाद, भारत अगले साल शिखर बैठक की मेजबानी के लिए सहमत हो गया।

समिट ऑफ द फ्यूचर को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

विदेश मंत्रालय ने कहा, क्वाड शिखर बैठक में, चारों सदस्य देशों के नेता पिछले एक साल में क्वाड द्वारा हासिल की गई प्रगति की समीक्षा करेंगे और हिंद-प्रशांत क्षेत्र के देशों को उनके विकास लक्ष्यों एवं आकांक्षाओं को पूरा करने में सहयोग का एजेंडा तय करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा में 23 सितंबर को समिट ऑफ द फ्यूचर को संबोधित करेंगे। संयुक्त राष्ट्र के अनुसार, इसमें विभिन्न देशों के नेता एक मंच पर आएंगे और इस बात पर नयी अंतरराष्ट्रीय सहमति बनाएंगे कि कैसे वर्तमान को बेहतर और भविष्य को सुरक्षित बनाया जाए।

कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे पीएम मोदी

विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्व के कई नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे और परस्पर हितों के मुद्दों पर चर्चा करेंगे। मंत्रालय ने कहा कि भारत 2025 में क्वाड शिखर बैठक की मेजबानी करेगा। विदेश मंत्रालय ने कहा कि अमेरिका के अनुरोध के बाद, भारत 2025 में अगले क्वाड शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने को सहमत हो गया है। न्यूयॉर्क में, मोदी दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए अग्रणी अमेरिकी कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) के साथ बातचीत भी करेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, प्रधानमंत्री एआई (कृत्रिम बुद्धिमत्ता), क्वांटम कंप्यूटिंग, सेमीकंडक्टर और जैव प्रौद्योगिकी के अत्याधुनिक क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए अमेरिका की प्रमुख कंपनियों के सीईओ के साथ भी बातचीत करेंगे। बयान में कहा गया है कि मोदी भारत-अमेरिका द्विपक्षीय परिदृश्य में विशेषज्ञों और अन्य सक्रिय हितधारकों के साथ भी बातचीत करेंगे।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article