दुनिया

रूस दौरे पर रवाना हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कोरोना के बाद पहली बार होगी पुतिन से मुलाकात, जानें कितनी अहम है यह यात्रा

PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए मास्को शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इसके लिए वहां रिहर्सल जारी है। पीएम मोदी मास्को में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं।

Image

PM Modi Russia Visit

Photo : BCCL

PM Modi Russia Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रूस दौरे पर रवाना हो गए। वह 8 व 9 जुलाई को रूस में रहेंगे। इस दौरान पीएम मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। पीएम मोदी को खुद व्लादिमीर पुतिन ने रूस आने का निमंत्रण दिया था। तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी की यह पहली रूस यात्रा होगी। इससे पहले उन्होंने 2019 में रूस की यात्रा की थी। इन पांच वर्षों में कई घटनाक्रम हुए हैं। मसलन कोरोना, यूक्रेन युद्ध, अमेरिका-रूस तनाव...और भी बहुत कुछ। ऐसे में बदलते समीकरणों के बीच पीएम मोदी की इस यात्रा पर दुनिया की नजर होगी।

उधर, पीएम मोदी की स्वागत के लिए रूस में बड़े स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं। वह आज रूस की राजधानी मास्को पहुंचेंगे। उनके स्वागत के लिए मास्को शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। जगह-जगह स्वागत द्वार बनाए गए हैं। प्रधानमंत्री के स्वागत में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। इसके लिए वहां रिहर्सल जारी है। पीएम मोदी के स्वागत में नृत्य व गीत प्रस्तुत करने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा भी कई प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। भारतीय समुदाय के लोग पीएम मोदी का स्वागत करने को उत्सुक हैं।

पुतिन ने खुद दिया था निमंत्रण

पीएम मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन के आमंत्रण पर मास्को जा रहे हैं। पुतिन अपने दोस्त पीएम मोदी से मिलने को बेताब हैं। इस दौरान पीएम मोदी 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। कोरोना के कारण यह शिखर सम्मेलन तीन साल बाद हो रहा है। गौरतलब है कि पीएम मोदी कोरोना के बाद पहली बार रूस जा रहे हैं। इसके पहले उन्होंने 2019 में उन्होंने रूस की यात्रा की थी।

कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हो सकती है बात

इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और गहरा करने पर बातचीत होगी। दोनों नेता अंतरराष्ट्रीय हालात पर भी चर्चा करेंगे। वे सैन्य, तकनीक आदि विषयों पर सहयोग बढ़ाने के लिए बातचीत करेंगे। पीएम मोदी मास्को में भारतीय समुदाय के लोगों से भी मुलाकात कर सकते हैं। इस यात्रा के दौरान दोनों नेताओं के बीच रूस-यूक्रेन संघर्ष पर भी चर्चा हो सकती है। भारत दोनों देशों से बार-बार शांति की अपील कर चुका है। उनसे अपने विवादित मुद्दों के समाधान के लिए बातचीत के रास्ता अपनाने का आग्रह भी भारत की ओर से कई बार किया जा चुका है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article