दुनिया

पीएम मोदी पहुंचे नाइजीरिया, अबुजा एयरपोर्ट पर ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ भव्य स्वागत

PM Narendra Modi Nigeria visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन देशों की पांच दिवसीय यात्रा के तहत नाइजीरिया पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। नाइजीरियार के अबुजा एयरपोर्ट पर पीएम मोदी को अबुजा शहर की 'Key of the City' देकर सम्मानित भी किया गया।

Image

नाइजीरिया पहुंचने पर पीएम मोदी का हुआ भव्य स्वागत।

Photo : Twitter

PM Narendra Modi Nigeria visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को नाइजीरिया की राजधानी अबुजा पहुंचे। नाइजीरिया के अबुजा हवाई अड्डे पर उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी को अबुजा शहर की 'Key of the City' देकर सम्मानित भी किया गया। बता दें, पीएम मोदी तीन देशों के विदेश यात्रा के तहत सबसे पहले नाइजीरिया पहुंचे हैं। नाइजीरिया में यह पीएम मोदी की पहली यात्रा है और पिछले 17 सालों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला दौरा है। नाइजीरिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील और गुयाना की भी यात्रा करेंगे।

पीएम मोदी ने नाइजीरिया में भव्य स्वागत के लिए राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू व भारतीय समुदाय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, धन्यवाद, राष्ट्रपति टीनूबू। थोड़ी देर पहले नाइजीरिया पहुंचा। गर्मजोशी से भरे स्वागत के लिए आभारी हूं। मेरी कामना है कि यह यात्रा हमारे देशों के बीच द्विपक्षीय मित्रता को और गहरा बनाए।

नाइजीरिया में दो दिन रुकेंगे पीएम मोदी

यात्रा के पहले चरण में, प्रधानमंत्री मोदी नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला अहमद टीनूबू के निमंत्रण पर नाइजीरिया में दो दिन बिताएंगे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय यात्रा भी होगी। बता दें, भारत और नाइजीरिया 2007 से ही रणनीतिक साझेदार हैं, जिनके बीच आर्थिक, ऊर्जा और रक्षा क्षेत्रों में सहयोग है। 200 से अधिक भारतीय कंपनियों ने नाइजीरिया में प्रमुख उद्योगों में 27 बिलियन डॉलर से अधिक का निवेश किया है।

18 नवंबर को ब्राजील पहुंचेंगे प्रधानमंत्री

इसके बाद प्रधानमंत्री 18 नवंबर को ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा द्वारा आयोजित 19वें जी20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्राजील के रियो डी जेनेरियो की यात्रा करेंगे। दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी 19 से 21 नवंबर तक गुयाना के जॉर्जटाउन जाएंगे। गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली के निमंत्रण पर यह यात्रा 1968 के बाद से किसी भारतीय प्रधानमंत्री की गुयाना की पहली यात्रा है। प्रधानमंत्री मोदी द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और गुयाना की संसद को संबोधित करेंगे और प्रवासी भारतीयों से मिलेंगे। इस यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री मोदी कैरेबियाई साझेदार देशों के नेताओं के साथ दूसरे भारत-कैरिकॉम शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। पिछले साल राष्ट्रपति अली इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय दिवस में मुख्य अतिथि थे, जहां उन्हें प्रवासी भारतीय सम्मान से सम्मानित किया गया था। प्रधानमंत्री के दौरे से इन क्षेत्रों के साथ भारत के जुड़ाव को गहरा करने, द्विपक्षीय और बहुपक्षीय साझेदारी को बढ़ावा देने और प्रवासी भारतीयों के साथ संबंधों को बढ़ाने की उम्मीद है।

Pranjul Srivastava
प्रांजुल श्रीवास्तवauthor

<p>मैं इस वक्त टाइम्स नाउ नवभारत से जुड़ा हुआ हूं। पत्रकारिता के 8 वर्षों के तजुर्बे में मुझे और मेरी भाषाई समझ को गढ़ने और तराशने में कई वरिष्ठ पत्रकारों और संपादकों का योगदान रहा। 2016 में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से शुरू हुआ यह सफर देश की राजधानी दिल्ली में 'टाइम्स नाउ नवभारत' तक आ पहुंचा है। अखबारों में रिपोर्टिंग करते हुए शहरों की धूल फांकना और डिजिटल पत्रकारिता की बारीकियों को समझते हुए देश-विदेश की खबरों को आप तक पहुंचाने का मेरा ये सफर काफी किस्से-कहानियों से भरा हुआ है। लखनऊ की बाबा भीम राव अंबेडकर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के क्लासरूम में प्रोफेसरों से मिले किताबी ज्ञान और पत्रकारीय सिद्धांतों को जमीन पर उतारने का मौका मुझे 2016 में ही मिल गया। पहला ब्रेक टाइम्स ग्रुप के प्रतिष्ठित अखबार 'नवभारत टाइम्स' ने दिया। यहां बतौर इंटर्न मुझे कई सामाजिक संगठनों की रिपोर्टिंग करने का मौका मिला। दिनभर शहर में घूम-घूम कर खबरों को बटोरना और शाम होते ही उन्हें लिखकर डेस्क के हवाले करना मेरी दिनचर्या का हिस्सा हो गया। इस अनुभव ने मुझे समाज के तौर तरीकों से परिचित कराया तो न्यूजरूम में सीनियर्स से मिली डांट ने पत्रकारिता की बारीकियों और भाषाई मर्यादा को समझने में मदद की। करीब 3 से 4 महीनों की इंटर्नशिप के बाद मुझे 2017 आते-आते गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली भेजा गया। यह समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव और सत्ता के बदलाव का था। यहां बतौर रिपोर्टर मैं पहली बार राजनीतिक खबरों से रूबरू हुआ। रायबरेली के मिजाज को करीब 8 महीनों तक समझने के बाद नवभारत टाइम्स ने मुझे वापस लखनऊ बुलाया और शहर की रिपोर्टिंग करने का मौका दिया। यहां विज्ञान, पर्यावरण, बाजार, लखनऊ विकास प्राधिकरण, आवास विकास और मेट्रो जैसी बीट पर जमकर काम किया। यह सफर अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिले मुरादाबाद तक पहुंच गया था, जहां मुझे दैनिक जागरण जैसे प्रतिष्ठित अखबार के लिए दो वर्षों तक रिपोर्टिंग करने का अवसर मिला। करीब दो वर्षों की पत्रकारिता के बाद अब मुझे देश की राजधानी की ओर रुख करना था और यह मौका अमर उजाला (डिजिटल) ने दिया। अखबारों की रिपोर्टिंग से निकलकर डिजिटल पत्रकारिता के अनुभव से मैं पहली बार रूबरू हो रहा था। यहां पर मुझे मेन डेस्क पर जिम्मेदारी मिली। जहां सबसे आगे रहते हुए सबसे सटीक खबरें आप तक पहुंचाना चुनौती भरा काम था, लेकिन पत्रकारिता की शुरुआत में मिले अनुभवों ने मेरा काम आसान बना दिया। यहां भी करीब दो वर्षों के बाद 2023 में मुझे टाइम्स ग्रुप से दोबारा जुड़ने का मौका मिला और टाइम्स नाउ नवभारत की मेन डेस्क पर मेरा सफर अब तक जारी है।</p>

और पढ़ें
End of Article