दुनिया

ब्राजील पहुंचे पीएम मोदी, लोगों ने किया जोरदार स्वागत; G20 नेताओं के 19वें शिखर सम्मेलन में लेंगे भाग

Modi in Brazil: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्राजील के रियो डी जेनेरियो पहुंचे। तीन देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी ब्राजील में 18 और 19 नवंबर को होने वाले 19वें जी-20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। तीन देशों की यात्रा के पहले चरण में इससे पहले वो नाइजीरिया गए थे।

Image

G20 नेताओं के 19वें शिखर सम्मेलन में भाग लेने ब्राजील पहुंचे पीएम मोदी।

PM Modi lands in Rio de Janeiro, Brazil: भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को नाइजीरिया की अपनी पहली यात्रा पूरी करने के बाद अब सोमवार की सुबह ब्राजील पहुंच गए हैं। वो यहां जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री मोदी तीन देशों की अपनी यात्रा के दूसरे चरण में ब्राजील में 18 और 19 नवंबर को होने वाले 19वें जी20 नेताओं के शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे।

भारतीय समुदाय के लोगों ने पीएम मोदी का किया जोरदार स्वागत

रियो डी जेनेरियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करने के लिए ब्राजील में भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्य बड़ी संख्या में एक होटल के बाहर एकत्र हुए। उन्होंने पीएम मोदी का जोरदार स्वागत किया। ब्राजील में भारतीय समुदाय के एक सदस्य ने कहा, "उनसे व्यक्तिगत रूप से मिलना सम्मान की बात है...यह हमारे लिए गर्व का क्षण है।"

ब्राजील में भारतीय समुदाय की एक सदस्य रीमा ने कहा, "मैं यहां आकर बहुत उत्साहित हूं, मुझे हमारे प्रधानमंत्री पर गर्व है, वे पहले प्रधानमंत्रियों में से एक हैं जिन्होंने बड़ी लड़ाई लड़ी है...उन्होंने देश को दूसरे स्तर पर पहुंचाया है।" ब्राजील में भारतीय समुदाय के एक सदस्य प्रदीप धोटे ने कहा, "हम यहां खास तौर पर प्रधानमंत्री मोदी से मिलने आए हैं। हम बहुत उत्साहित हैं...ब्राजील में भी उन्हें वैसा ही स्वागत मिलना चाहिए जैसा उन्हें हर जगह मिलता है..."

प्रधानमंत्री मोदी के सामने ब्राजील के वैदिक विद्वान वैदिक मंत्रों का जाप

रियो डी जेनेरियो में प्रधानमंत्री मोदी के सामने ब्राजील के वैदिक विद्वान वैदिक मंत्रों का जाप किया। भारतीय प्रवासी समुदाय के एक सदस्य ने कहा, "हम इस पल के लिए वास्तव में उत्साहित हैं। हम वास्तव में दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्रों में से एक के नेता से मिलना चाहते थे।"

पिछले 17 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली नाइजीरिया यात्रा

पीएम मोदी ने इससे पहले नाइजीरिया में राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू के साथ द्विपक्षीय वार्ता की और भारतीय समुदाय से संवाद किया। मोदी रविवार तड़के नाइजीरिया की राजधानी पहुंचे थे। पिछले 17 साल में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की यह पहली नाइजीरिया यात्रा थी। यात्रा समाप्त करने के बाद मोदी ने ‘एक्स’ पर लिखा, “सार्थक यात्रा के लिए नाइजीरिया को धन्यवाद। यह यात्रा भारत-नाइजीरिया मित्रता को मजबूती और प्रोत्साहन देगी।”

विदेश मंत्रालय (एमईए) ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाइजीरिया के अबुजा की सार्थक यात्रा समाप्त की।” यात्रा के दौरान मोदी को नाइजीरिया के राष्ट्रीय सम्मान ‘ग्रैंड कमांडर ऑफ द ऑर्डर ऑफ नाइजर’ (जीसीओएन) से सम्मानित किया गया। वह यह सम्मान पाने वाले दूसरे विदेशी गणमान्य व्यक्ति बन गए। इससे पहले 1969 में ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ को यह सम्मान दिया गया था। मोदी तीन देशों की यात्रा के तहत नाइजीरिया में थे। उनका अंतिम गंतव्य गुयाना होगा। रियो डी जेनेरियो में 18-19 नवंबर को होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले नेताओं में मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन शामिल हैं।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article