PM Modi Oliy Darajali Dustlik Award: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उज्बेकिस्तान यात्रा ने दोनों देशों के ऐतिहासिक संबंधों को एक नई और अभूतपूर्व ऊंचाई पर पहुंचा दिया है। ताशकंद में आयोजित उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल वार्ता के दौरान उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी को देश के सर्वोच्च राजकीय सम्मान 'ओलीय दरजाली दोस्तलिक' (Order of Oliy Darajali Dustlik) से सम्मानित किया। यह सम्मान दोनों देशों के बीच गहरी दोस्ती और मजबूत होते रणनीतिक रिश्तों का प्रतीक है।
वार्ता के दौरान राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष अनुसंधान और अर्थव्यवस्था के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है और दुनिया में भारत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। बैठक में दोनों नेताओं ने अपने द्विपक्षीय संबंधों को 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के स्तर पर उन्नत करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: ताशकंद में 'उड़े जब-जब जुल्फें तेरी' गाने पर झूमे बच्चे, PM मोदी के सामने दिखा भारतीय संस्कृति का जलवा, VIDEO
पीएम मोदी क्या बोले?
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में उज्बेकिस्तान के साथ यूरेनियम आपूर्ति के लिए दीर्घकालिक समझौता करने और तीन सिस्टर-सिटी (भगिनी शहर) व्यवस्थाओं को औपचारिक रूप देने की बात कही। उन्होंने भारत के 'गिफ्ट सिटी' और उज्बेकिस्तान के 'न्यू ताशकंद' जैसे मेगा प्रोजेक्ट्स के बीच तकनीकी सहयोग बढ़ाने का भी प्रस्ताव रखा। इसके साथ ही, आपसी सहयोग को दिशा देने के लिए विदेश मंत्री स्तर पर एक समन्वय परिषद के गठन और संयुक्त व्यापार शिखर सम्मेलन आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
उज्बेकिस्तान ने भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिनों के वीजा-मुक्त प्रवेश का ऐलान
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति मिर्जियोयेव द्वारा किए गए आत्मीय स्वागत की सराहना करते हुए कहा कि ताशकंद को तिरंगे के रंगों में रंगना और भारतीय गीतों-नृत्यों की प्रस्तुति ऐसा अहसास करा रही थी मानो उज्बेकिस्तान में ही गुजरात की आत्मा बस गई हो।
उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति ने घोषणा की कि दोनों देशों के बीच व्यापार 1 अरब डॉलर के पार पहुंच चुका है और सीधे हवाई संपर्कों की संख्या बढ़कर 14 हो गई है। लोगों के बीच आपसी संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए उज्बेकिस्तान ने भारतीय नागरिकों के लिए 30 दिनों के वीजा-मुक्त प्रवेश का ऐलान किया है, जो दोनों देशों के व्यापारिक और सांस्कृतिक संबंधों को एक नई गति देगा।
