SCO Summit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव कै क्यू से मुलाकात की, जो सत्ताधारी पार्टी की पोलित ब्यूरो स्थायी समिति के सदस्य हैं। इस दौरान दोनों ने भारत-चीन सहयोग को मजबूत बनाने पर बातचीत की।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पीएम मोदी और कै क्यू के बीच हुई मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर साझा कीं। उन्होंने कहा, ''पीएम मोदी ने चीन के तियानजिन में पोलित ब्यूरो की स्थायी समिति के सदस्य कै क्यू से मुलाकात की। आज की बैठक के अनुरूप, उन्होंने भारत और चीन के बीच द्विपक्षीय आर्थिक, राजनीतिक और लोगों के बीच आपसी विचार साझा किए।
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी
चीनी कम्युनिस्ट पार्टी (CCP) चीन का एक राजनीतिक दल है। 1949 में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना की स्थापना के बाद से, सीसीपी का बोलबाला रहा है। चीनी कम्युनिस्ट पार्टी ही पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना (PRC) की संस्थापक और सत्तारूढ़ पार्टी है।
जिनपिंग से मिले PM मोदी
इससे पहले रविवार को, प्रधानमंत्री मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने तियानजिन में द्विपक्षीय वार्ता की। इस दौरान, प्रधानमंत्री मोदी ने आपसी विश्वास और सहयोग को जरूरी बताया। वहीं, जिनपिंग ने ड्रैगन और हाथी के साथ चलने की बात कही और दोनों देशों के सुधरते रिश्तों पर मुहर लगाई। जिनपिंग ने कहा, चीन और भारत दो प्राचीन सभ्यताएं हैं। हम दुनिया के दो सबसे अधिक आबादी वाले देश हैं। हम ग्लोबल साउथ के भी महत्वपूर्ण सदस्य हैं। हम दोनों अपने लोगों की भलाई के लिए जरूरी सुधार लाने और मानव समाज की प्रगति को बढ़ावा देने की ऐतिहासिक जिम्मेदारी निभाते हैं।
