प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उज्बेकिस्तान और किर्गिस्तान की अपनी दो देशों की यात्रा पूरी की। इस दौरान उन्होंने कई राष्ट्र प्रमुखों के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं और बिश्केक में सालाना एससीओ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने आतंकवाद के पूरे तंत्र को खत्म करने का आह्वान किया। यात्रा के दौरान पीएम मोदी ने उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव और उनके परिवार के साथ-साथ प्रधानमंत्री अब्दुल्ला अरिपोव को भारत की कला, संस्कृति और विरासत से जुड़े कई खास उपहार भेंट किए।
उज्बेकिस्तान दौरे पर PM मोदी की खास सौगातें, संतूर से बनारसी सिल्क तक भारतीय कला की दिखी झलक।
राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को संतूर और कांगड़ा चाय का तोहफा
राष्ट्रपति शौकत मिर्जियोयेव को चंदन की लकड़ी से बनी शत तंत्री वीणा (संतूर) भेंट की गई। यह भारत की समृद्ध संगीत परंपरा और चंदन की नक्काशीकारी का खूबसूरत मेल है। इसके अलावा उन्हें कांगड़ा फर्स्ट फ्लश ब्लैक टी और कांगड़ा ग्रीन टी के दो प्रीमियम पैक लकड़ी के नक्काशीदार बॉक्स में दिए गए।
शतरंज चैंपियन की यादगार भी की भेंट
राष्ट्रपति मिर्जियोयेव को शतरंज ग्रैंडमास्टर जावोखिर सिंदारोव का 2025 FIDE वर्ल्ड कप फाइनल का मूल हस्तलिखित स्कोरशीट भी भेंट किया गया। यह उनके ऐतिहासिक प्रदर्शन की यादगार है।
उज्बेक पीएम को मिली मार्बल इनले प्लेट प्रधानमंत्री अब्दुल्ला अरिपोव को भारत की पारंपरिक पत्थर जड़ाई कला को दर्शाने वाली मार्बल इनले डेकोरेटिव प्लेट दी गई। इसमें सफेद संगमरमर पर रंगीन पत्थरों से फूल-पत्तियों के बारीक डिजाइन बनाए गए हैं।
राष्ट्रपति की पत्नी को बनारसी सिल्क और मार्बल कास्केट
राष्ट्रपति की पत्नी जिरोअत मिर्जियोयेवा को आगरा की संगमरमर जड़ाई कला और वाराणसी की बनारसी रेशम परंपरा को जोड़ने वाला मार्बल इनले कास्केट और बनारसी सिल्क स्टोल भेंट किया गया।
राष्ट्रपति की बेटी को मिला खास सिल्वर ब्रोच
वहीं, राष्ट्रपति की बेटी को भारतीय आभूषण कला की बारीक कारीगरी को दर्शाने वाला फाइन सिल्वर ब्रोच उपहार में दिया गया। इस पर फूलों की आकृति और बारीक नक्काशी का काम किया गया है।
