PM Modi Uzbekistan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 29 और 30 अगस्त 2026 को उज्बेकिस्तान के राष्ट्रपति शौकत मिर्जिथोयेव के निमंत्रण पर ताशकंद की दो दिवसीय राजकीय यात्रा पर पहुंचे हैं। हवाई अड्डे पर खुद राष्ट्रपति मिर्जियोयेव ने पीएम मोदी का बेहद गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। बतौर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह चौथी उज्बेकिस्तान यात्रा है, जो दोनों देशों के बीच प्रगाढ़ होते रिश्तों की अहमियत को दर्शाती है।
ताशकंद पहुंचे पीएम मोदी (Photo: X/@DDNewslive)
अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मिर्जियोयेव के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की विस्तृत बातचीत होगी। इस बैठक में दोनों देश व्यापार, निवेश, रक्षा, ऊर्जा, शिक्षा और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में सहयोग की समीक्षा करेंगे। इसके साथ ही, भारत के '#विकसितभारत2047' और उज्बेकिस्तान के साझा विजन को आगे बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा। अपनी ताशकंद यात्रा के दौरान पीएम मोदी ऐतिहासिक लाल बहादुर शास्त्री स्मारक और ताशकंद स्टेट यूनिवर्सिटी स्थित महात्मा गांधी केंद्र का दौरा भी करेंगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'वे बेहद उदार हैं', नेपाल त्रासदी में भारत की मदद पर PM मोदी के मुरीद हुए वित्त मंत्री, बोले- 'मुसीबत में हमेशा काम आया पड़ोसी'
ताशकंद दौरे के ठीक बाद भारतीय कूटनीति का ध्यान किर्गिज गणराज्य की राजधानी बिश्केक पर केंद्रित होगा, जहां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन का आयोजन हो रहा है। रूसी राष्ट्रपति भवन 'क्रेमलिन' ने पुष्टि की है कि 31 अगस्त को बिश्केक में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और पीएम नरेंद्र मोदी के बीच एक बेहद अहम द्विपक्षीय बैठक होगी। क्रेमलिन के वरिष्ठ अधिकारी यूरी उशाकोव के अनुसार, पुतिन पहले चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग से मिलेंगे और उसके तुरंत बाद पीएम मोदी के साथ वार्ता की मेज पर होंगे।
रूस ने भारत के साथ अपनी 'विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी' को रेखांकित करते हुए कहा कि यह बैठक वैश्विक परिदृश्य के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण साबित होगी। बिश्केक में शुरू हो रही यह द्विपक्षीय बातचीत सितंबर में नई दिल्ली में होने वाले 18वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के दौरान भी जारी रहेगी।
