उज्बेकिस्तान के बाद पीएम मोदी रविवार को किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक पहुंच गए हैं। वह यहां शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 26वें शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी कर सकते हैं। किर्गिस्तान में बिश्केक हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी की भव्य अगवानी किर्गिस्तानी मंत्रिमंडल के अध्यक्ष अदिलबेक कासिमालियेव ने किया। इतना ही नहीं उनके स्वागत में पारंपरिक किर्गिस्तानी नृत्य की प्रस्तुति भी दी गई। पीएम मोदी के इस दौरे के बारे में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भी एक्स पर एक पोस्ट में जानकारी दी।
किर्गिस्तान में पीएम मोदी का भव्य स्वागत। (फोटो- pti)
होटल पहुंचने पर ‘वंदे मातरम्’ के नारों से स्वागत
किर्गिस्तान में प्रधानमंत्री मोदी जब होटल पहुंचें तो वहां मौजूद लोगों ने ‘वंदे मातरम्’ के नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने देशभक्ति गीत ‘मां तुझे सलाम’ की धुन पर योग की शानदार प्रस्तुति भी देखी। उनके स्वागत में भगवान शिव की थीम पर आधारित सांस्कृतिक नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। मोदी किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव के निमंत्रण पर SCO शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं। सम्मेलन 31 अगस्त और 1 सितंबर को आयोजित किया जा रहा है।पुतिन समेत कई नेताओं से हो सकती है मुलाकात
SCO सम्मेलन से इतर प्रधानमंत्री मोदी की कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों के साथ द्विपक्षीय बैठकें होने की संभावना है। इनमें किर्गिस्तान के राष्ट्रपति सदिर जापारोव और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ मुलाकात अहम मानी जा रही है। किर्गिस्तान रवाना होने से पहले शनिवार को अपने बयान में मोदी ने कहा था कि भारत की क्षेत्रीय सोच सुरक्षा, संपर्क और अवसर पर आधारित है। उन्होंने आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद से मुक्त क्षेत्र बनाने की जरूरत पर भी जोर दिया।25 साल पूरे कर रहा SCO
शंघाई सहयोग संगठन की स्थापना 2001 में चीन, रूस, कजाकिस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान ने मिलकर की थी। भारत और पाकिस्तान 2017 में इसके पूर्ण सदस्य बने। इसके बाद ईरान 2023 में और बेलारूस 2024 में पूर्ण सदस्य बना। वर्तमान में SCO में 10 सदस्य देश हैं। इसके अलावा 15 साझेदार और दो पर्यवेक्षक देश भी संगठन से जुड़े हैं। इस साल संगठन अपनी स्थापना के 25 साल पूरे कर रहा है।विश्व घुमंतू खेलों के उद्घाटन में भी शामिल होंगे मोदी
प्रधानमंत्री मोदी किर्गिस्तान में होने वाले छठे विश्व घुमंतू खेलों के उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लेंगे। उन्होंने कहा है कि उनकी यह यात्रा मध्य एशिया के साथ भारत की रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने, क्षेत्र के साथ सभ्यतागत संबंधों को और गहरा करने तथा शांति, स्थिरता और समृद्धि के साझा लक्ष्य को आगे बढ़ाने में मदद करेगी।उज्बेकिस्तान दौरे के बाद पहुंचे किर्गिस्तान
मोदी दो दिवसीय उज्बेकिस्तान दौरा पूरा करने के बाद किर्गिस्तान पहुंचे हैं। उज्बेकिस्तान यात्रा के दौरान दोनों देशों ने अपने संबंधों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी तक बढ़ाने का फैसला किया था। साथ ही, दोनों देशों ने 2030 तक सालाना द्विपक्षीय व्यापार को 5 अरब डॉलर तक पहुंचाने का लक्ष्य भी तय किया है।
